समाचार · छत्तीसगढ़
बेमेतरा में 35 साल पुरानी-परंपरा से निकली गौरा-गौरी की बारात:दीपावली के दूसरे दिन हुईं रस्में, मंगलवार को पीकरी तालाब में विसर्जन
बेमेतरा जिले के मानपुर वार्ड में 35 साल पुरानी परंपरा के तहत गौरा-गौरी की बारात निकाली गई। दीपावली के दूसरे दिन भगवान शिव के स्वरूप गौरा और माता पार्वती के स्वरूप गौरी की पूजा के साथ विवाह की रस्में निभाई गईं। पूरी रात चले आयोजन के बाद मंगलवार को पीकरी तालाब में प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ पर्व का समापन हुआ। वार्ड नंबर 2 मानपुर सहित शहर के कई इलाकों में लोगों ने गौरा-गौरी की पूजा की। प्रतिमाओं को सजाकर पारंपरिक तरीके से विवाह की रस्में निभाई गईं। इसके बाद पूरे वार्ड में बारात निकाली गई। वार्डवासी प्रेम वर्मा ने बताया कि दीपावली के दूसरे दिन शुरू होने वाला यह आयोजन पूरी रात चलता है। इसमें बारात, विवाह और टिकावन सहित कई रस्में निभाई जाती हैं। इसके बाद श्रद्धालु दर्शन कर प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाते हैं। गोंड समाज की परंपरा में सभी समाजों की भागीदारी समिति के सदस्यों ने बताया कि गौरा-गौरी पर्व गोंड समाज की पुरानी परंपरा है। अब इसमें सभी समाजों के लोग शामिल होते हैं। पूजा के दौरान परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। विसर्जन के साथ पर्व का समापन मानपुर में यह परंपरा नई पीढ़ी को लोक संस्कृति से जोड़ रही है। मंगलवार को पीकरी तालाब में विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने गौरा-गौरी को विदाई दी और अगले साल फिर आने की कामना की।