समाचार · मध्य प्रदेश
फसल देखने गए किसान पर भालू ने किया हमला:पन्ना टाइगर रिजर्व के बफर जोन में घटना, पैर में कई जगह काटा; दी आर्थिक सहायता
दमोह जिले में पन्ना टाइगर रिजर्व के मडियादो बफर जोन के कारीबरा गांव में रविवार सुबह भालू ने एक किसान पर हमला कर दिया। किसान खेत में फसल देखने गए थे। भालू के हमले में उनके पैर में कई जगह घाव हो गए। घायल किसान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल किसान की पहचान बबलू गौंड (50) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह करीब 9 बजे वे खेत में फसल देखने गए थे। इसी दौरान भालू ने उन पर हमला कर दिया और पैर में कई जगह काट लिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो भालू वहां से भाग गया। ग्रामीण घायल बबलू को पहले मडियादो स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां से उन्हें हटा सिविल अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। वन विभाग ने इलाज का खर्च उठाने की बात कही बीट गार्ड रामगोपाल अहिरवार ने बताया कि भालू अपने परिवार के साथ खेत की ओर से गुजर रहा था। किसान को देखकर उसने हमला कर दिया। वन विभाग के कर्मचारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल से घटना की जानकारी ली और आर्थिक सहायता दी। विभाग की ओर से आगे का इलाज कराने की बात भी कही गई है। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है।