Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

दीपथून कंट्रोवर्सी : क्यों नाराज हुआ सुप्रीम कोर्ट? क्या है 164 साल पुराना कार्तिगई दीपम विवाद?

INT News27 November 2026 at 07:28 pm

Karthigai Deepam Controversy: तमिलनाडु के कार्तिगई दीपम उत्सव में दीपथून पर दीपक नहीं जलाये जाने से सुप्रीम कोर्ट बेहद नाराज है. कोर्ट ने अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के न्यासी मंडल को निलंबित कर दिया. राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), मदुरै के जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों को अवमानना का नोटिस जारी कर दिया. आइए जानते हैं कि क्या है दीपथून कंट्रोवर्सी और तमिलनाडु सरकार और वहां के अधिकारियों से क्यों नाराज है सुप्रीम कोर्ट?

मामला 20 नवंबर 2026 के आदेश से जुड़ा है. कोर्ट ने 24 नवंबर को एक दिन के लिए दीपथून पर दीप जलाने के आदेश दिये थे. लेकिन, वहां दीया नहीं जलाया गया. अपने इस आदेश के उल्लंघन से नाराज सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को सख्त टिप्पणी की. कहा- अदालत के आदेशों का जान-बूझकर पालन नहीं करने के मामले को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. इससे सख्ती से निपटना होगा. अदालत ने क्या-क्या एक्शन लिया और क्या-क्या टिप्पणी की, इसके बारे में हम आपको बारी-बारी से बताते हैं. कार्तिगई दीपम के 164 साल पुराने विवाद के बारे में भी बतायेंगे.

28 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने का आदेश

सबसे पहले बात सुप्रीम कोर्ट के शुक्रवार (27 नवंबर) को लिये गये एक्शन की. शीर्ष अदालत ने अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर और तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को सौंप दिया. कोर्ट ने उच्चिपिल्लैयार मंडपम में प्रज्वलित दीप की लौ से शनिवार (28 नवंबर) को तिरुप्परनकुंद्रम के दीपथून पर दीप प्रज्वलित करने का आदेश दिया.

ये भी पढ़ें: बाल विवाह : 5 साल में 14,727 गिरफ्तारी, सजा सिर्फ 429 को, जानें बिहार-झारखंड और असम का हाल

कोर्ट में हाजिर हों मुख्य सचिव, हलफनामा दें : कोर्ट

जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम पंचोली की पीठ ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में हाजिर होने का भी निर्देश दिया है. साथ ही चीफ सेक्रेट्री को इस मामले में अधिकारियों के बीच हुए ई-मेल, फोन पर बातचीत और संदेशों (मैसेज) का विस्तृत विवरण देते हुए हलफनामा दाखिल करने का आदेश कोर्ट ने दिया.

‘कोर्ट के आदेश को गंभीरता से नहीं ले रहे अफसर’

सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि तमिलनाडु के प्रशासनिक अधिकारी अपने राजनीतिक आकाओं के आदेश पर काम कर रहे हैं और कोर्ट के आदेश को गंभीरता से नहीं ले रहे. खंडपीठ ने कहा कि तमिलनाडु पुलिस सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को लागू करने में विफल रही. इसलिए अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर और तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को सौंपा जाता है.

हमारा आदेश बातचीत या समझौते का प्रस्ताव नहीं : सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी का अंदाजा उसकी टिप्पणी से लगाया जा सकता है. उच्चतम न्यायालय ने कहा- यदि हमारे आदेश का पालन नहीं किया जाता है, तो हम मूकदर्शक बनकर नहीं बैठ सकते. हमारा आदेश बातचीत या समझौते का प्रस्ताव नहीं है. राज्य, उसके अधिकारी और प्रत्येक धार्मिक संस्था इसका पालन करने के लिए बाध्य हैं.

न्याय की ‘धारा को दूषित’ करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं : सुप्रीम कोर्ट

सर्वोच्च न्यायालय ने यह भी कहा कि न्याय की ‘धारा को दूषित’ करने की किसी भी व्यक्ति की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जायेगी, चाहे वह कितने भी ऊंचे पद पर क्यों न हो. शीर्ष अदालत ने कहा कि अधिकारियों का आचरण प्रथम दृष्टया तमिलनाडु में प्रशासनिक अराजकता की स्थिति को दर्शाता है.

तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में मांगी थी माफी

अब आपको बताते हैं कि आखिर सुप्रीम कोर्ट इतना नाराज क्यों है. सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को आदेश दिया था कि तिरुप्परनकुंद्रम में कार्तिगई दीपम केवल दीपथून पर 24 नवंबर को दीप जलाये जायें. बावजूद इसके उच्चिपिल्लैयार मंडपम में ही दीपम प्रज्ज्वलित की गयी. दीपथून पर दीये नहीं जलाये गये. इसके अगले दिन बुधवार (25 नवंबर 2026) को तमिलनाडु की सरकार ने इसके लिए सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगी. सरकार ने अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के अधिकारियों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया.

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में क्या कहा था?

मदुरै की तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर 24 नवंबर को एक बार के लिए पारंपरिक ‘कार्तिगई दीपम दीप’ जलायें.

केवल देवस्थानम (मंदिर प्रशासन) के अधिकृत व्यक्ति और सरकारी अधिकारी ही दीप जलाने के लिए वहां जा सकते हैं.

जरूरत पड़ने पर प्राधिकार की ओर से आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जायेगी.

आम लोगों के वहां जाने पर पूर्णत: रोक रहेगी.

दीप जलाने के समारोह के दौरान कोई जुलूस, सार्वजनिक जमावड़ा, नारेबाजी या प्रदर्शन नहीं होगा.

तमिलनाडु में शुरू हुई राजनीति

मामला सिर्फ कोर्ट तक सीमित नहीं है. इस पर जमकर राजनीति भी हो रही है. सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी, तो तमिलनाडु की सरकार ने इस फैसले के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दाखिल कर दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सरकार के इस फैसले की आलोचना की. भाजपा ने कहा कि तमिलनाडु सरकार की याचिका कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की ‘हिंदू विरोधी और सनातन धर्म विरोधी’ सोच है.

यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि तमिलनाडु की ‘इंडी’ गठबंधन सरकार उच्चतम न्यायालय के फैसले को लागू नहीं करने पर अड़ी हुई है. यह कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की संविधान विरोधी सोच को दर्शाता है. यह उनकी हिंदू विरोधी और सनातन धर्म विरोधी मानसिकता को भी दिखाता है. सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ‘तुरंत’ लागू किया जाये. -सुधांशु त्रिवेदी, प्रवक्ता, भाजपा

क्या है दीपूथन? कितना पुराना है विवाद?

दीपथून, मदुरै में तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपर एक पत्थर का स्तंभ है. दीपूथन का विवाद 164 साल पुराना है. जी हां, यह विवाद 1862 से चल रहा है. साल 1862 के बाद साल 1912 में भी दीपथून पर दीप जलाने की कोशिश हुई थी. उस वक्त अधिकारियों ने इस कोशिश को रोक दिया था. अधिकारियों ने कहा था कि दीपम जलाने से शांति भंग हो सकती है.

1996 में मद्रास हाईकोर्ट ने कहा था- कहीं और दीप जलायें

साल 1996 में एक बार फिर यह विवाद उभरा. इस बार मद्रास हाईकोर्ट ने देवस्थानम से कहा कि वे भविष्य में पहाड़ी पर किसी दूसरी जगह दीपक जलाने पर विचार कर सकते हैं. हालांकि, इसके लिए अधिकारियों से अनुमति लेनी होगी. हाईकोर्ट ने यह शर्त भी रखी कि दीपक जलाने के लिए चुनी गयी कोई भी वैकल्पिक जगह दरगाह, वहां तक ​​जाने वाली सीढ़ियों और नेल्लीथोपे इलाके से कम से कम 15 मीटर दूर हो, इसका ख्याल रखना होगा.

दशकों तक पिल्लैयार मंदिर के पास जलता रहा दीप

कई दशकों तक, दीपक उची पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक जगह पर ही जलाया जाता रहा. पिछले साल आए फैसले में एक कदम और आगे बढ़ते हुए, पहाड़ी की चोटी पर मौजूद पत्थर के खंभे (दीपाथून) को दीपक जलाने के लिए एक अतिरिक्त जगह के तौर पर चिह्नित किया गया. लेकिन 20 नवंबर 2026 को उच्चतम न्यायालय ने 24 नवंबर को पहाड़ी की चोटी वाले खंभे पर दीपक जलाने की अनुमति दी. अधिकारियों ने वहां दीपक नहीं जलाया, जिसे अदालत ने अपने आदेश की अवमानना माना है.

ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी दीपाथून पर नहीं जला दीप, तमिलनाडु में TVK के खिलाफ BJP का प्रोटेस्ट