समाचार · मध्य प्रदेश
बड़वानी के पटाखा बाजार की एक दुकान में आग:निवाली में एक दुकान का सामान जला; पांच दुकानें बचीं, दमकलकर्मियों ने काबू पाया
बड़वानी जिले के निवाली में रविवार रात करीब 11:30 बजे पटाखा बाजार की एक दुकान में आग लग गई। आग से दुकान का पूरा सामान जल गया। दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे पास की पांच दुकानें सुरक्षित बच गईं। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगते ही फूटने लगे पटाखे घटना निवाली बस स्टैंड के पास बॉयज स्कूल ग्राउंड की है। यहां पटाखों की छह दुकानें लगी थीं। आग लगने के बाद दुकान में रखे पटाखे फूटने लगे और धुआं आसमान में उठने लगा। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पास के घरों से भी लोग बाहर निकल आए। दमकल ने पहले दूसरी दुकानों तक फैलने से रोकी आग आग की सूचना मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ने दमकल वाहन बुलाया। बॉयज स्कूल का खुला मैदान होने से दमकल को मौके तक पहुंचने में परेशानी नहीं हुई। दमकलकर्मियों ने पहले आग को दूसरी दुकानों तक फैलने से रोका, फिर उसे बुझा दिया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को घटनास्थल से दूर रखा। समय रहते आग बुझने से आसपास की इमारतों तक लपटें नहीं पहुंचीं। आग लगने का कारण अभी साफ नहीं है। पुलिस और नगर पालिका इसकी जांच कर रही हैं। दुकानदारों से भी पूछताछ की जा रही है। नगर पालिका ने अन्य दुकानदारों को आग से बचाव के लिए सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पटाखा दुकानों के पास किसी भी तरह की आतिशबाजी नहीं करने को कहा है।