समाचार · हरियाणा
रोहतक की गौशाला में जिले का पहला बायोगैस प्लांट तैयार:80 घरों को मिले कनेक्शन; LPG से सस्ती मिलेगी गैस, 2.5 किमी बिछाई लाइन
रोहतक जिले के गांव खरावड़ में जिले का पहला बायोगैस प्लांट गौशाला में लगाया गया है। जिससे गांव में रहने वाले गरीब घरों के बच्चों को एलपीजी से काफी सस्ती गैस उपलब्ध होगी। प्लांट बनकर तैयार हो चुका है, जिससे पहले चरण में 80 घरों को कनेक्शन दिया गया है। सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के तहत गोबर गैस प्लांट लगाने के लिए जिला परिषद की तरफ से पहल की गई और करीब 3 साल पहले प्रोजेक्ट को शुरू किया गया। यह प्रोजेक्ट कई बार विवादों में भी रहा, लेकिन अब प्लांट तैयार है और घरों में कनेक्शन करवाकर प्लांट को चालू करने की तैयारी है। रोजाना 400 घन मीटर गैस का होगा उत्पादन
गोबर गैस प्लांट रोजाना 400 घन मीटर गैस का उत्पादन करेगा। जिसके लिए प्रतिदिन लगभग 10,000 किलोग्राम (10 टन) ठोस फीडस्टॉक की आवश्यकता होती है। प्लांट के टैंक में 3-4 दिन में एक बार गोबर की ट्रॉली को डाला जाता है, जिससे गैस बनती है। गांव में 2.5 किलोमीटर लंबी बिछाई पाइप लाइन
गांव में गोबर गैस प्लांट से लेकर लोगों के घरों तक गैस पहुंचाने के लिए पीएनजी की करीब 2.5 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई गई है। लोगों के घरों तक कनेक्शन पहुंचाने का काम किया है। करीब 80 घरों में पहले चरण में कनेक्शन करवा दिए है। इससे लोगों को एलपीजी सिलेंडर से राहत मिलेगी। बायोगैस प्लांट से निकलेगी प्राकृतिक खाद
बायोगैस प्लांट से गैस उत्पादन के साथ रोजाना करीब 20 हजार लीटर बायो स्लरी यानि तरल जैविक खाद भी निकल रही है। जिसका प्रयोग किसान अपने खेतों में प्राकृतिक खाद के रूप में कर सकते है। इससे खेतों की उर्वरक शक्ति भी बनी रहेगी और फसल भी रासायनिक खाद से मुक्त होगी। 6684000 का बायोगैस प्लांट, 50 लाख का हुआ काम
खरावड़ गांव की गौशाला में लगाए गए बायोगैस प्लांट की कीमत 6684000 रुपए थी। जिसमें से 50 लाख रुपए का काम करवाया जा चुका है। अभी कुछ काम चल रहा है, जिसमें 1684000 रुपए का काम होना है। कनेक्शन देने के बाद प्लांट का ट्रायल भी किया गया और लोगों के घर बायोगैस से चूल्हे भी जले। 24 घंटे उपलब्ध होगी लाभार्थियों को गैस
प्लांट की देखभाल करने वाले संदीप ने बताया कि प्लांट तैयार है और गैस घरों तक पहुंच रही है या नहीं, इसका ट्रायल भी किया गया है। लाभार्थियों को 24 घंटे गैस उपलब्ध होगी, जो एलपीजी से काफी सस्ती होगी। आने वाले समय प्लांट की क्षमता को बढ़ाया जाएगा, ताकि गांव के अन्य घरों में भी बायोगैस की सप्लाई दी जा सके। बायोगैस प्लांट से लोगों की गैस की समस्या होगी दूर
जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा ने बताया कि गांव खरावड़ में करीब 67 लाख रुपए से बायोगैस प्लांट लगाया गया है। जिससे शुरूआती तौर पर 80 घरों को कनेक्शन दिया गया है। लोगों को एलपीजी से काफी सस्ते रेट पर गैस उपलब्ध होगी। गांव के अन्य घरों में भी कनेक्शन जल्द करवाने की योजना है। वहीं, जिले के अन्य गांवों में भी इस प्रकार के प्लांट लगाने पर विचार किया जा रहा है।