Saturday, 31 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान: कांग्रेस के खिलाफ झारखंड में 2 नवंबर से पदयात्रा निकालेगी भाजपा

INT News31 October 2026 at 01:47 pm

रांची: झारखंड में कांग्रेस की कथित दोहरी राजनीति और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के विरोध में भाजपा दो नवंबर से 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान शुरू करेगी. इसके तहत राज्य के विभिन्न जिलों में पदयात्रा निकाली जायेगी. पहले चरण में छह जिलों में कार्यक्रम आयोजित होंगे. अभियान की शुरुआत रांची से होगी. इसके बाद तीन नवंबर को गिरिडीह और हजारीबाग, चार नवंबर को पलामू और पांच नवंबर को जमशेदपुर और दुमका में पदयात्रा निकाली जाएगी.

आदित्य साहू के निर्देश पर अभियान की तैयारी

भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर इस अभियान की तैयारी की गई है. प्रत्येक जिले में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे. कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए जिलावार प्रभारियों की नियुक्ति की गई है. दीपावली से पहले छह जिलों में अभियान चलाया जाएगा, जबकि छठ महापर्व के बाद शेष जिलों में पदयात्रा आयोजित की जाएगी.

जिलावार कार्यक्रम के लिए प्रभारियों की नियुक्ति

मनोज सिंह ने बताया कि रांची में दो नवंबर को होने वाली पदयात्रा का प्रभारी उन्हें बनाया गया है. वहीं, तीन नवंबर को गिरिडीह में प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी और हजारीबाग में पूर्व विधायक बिरंची नारायण कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभालेंगे. चार नवंबर को पलामू में प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा प्रभारी होंगे. पांच नवंबर को जमशेदपुर में विधायक राज सिन्हा और दुमका में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा को प्रभारी बनाया गया है.

चुनावी हार के बाद संस्थाओं पर सवाल उठा रही कांग्रेस

मनोज सिंह ने कहा कि चुनाव में हार के बाद कांग्रेस चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर अपनी हताशा जाहिर कर रही है. लोकतांत्रिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है. देश की जनता अराजकता नहीं, बल्कि स्थिरता, सुशासन और विकास चाहती है. भाजपा इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस की दोहरी राजनीति को जनता के सामने उजागर करेगी.

मतदाता को किया जाएगा जागरूक

उन्होंने कहा कि एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा. मृत, स्थानांतरित, दोहरे और अपात्र मतदाताओं के नामों की जांच कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए जरूरी है.

इसे भी पढ़ें: चक्रवात अर्नब का असर: हजारीबाग में सहायक कारापाल की फिजिकल टेस्ट की बदली डेट

आपातकाल की याद दिलाकर कांग्रेस पर साधा निशाना

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि कांग्रेस आज लोकतंत्र और संविधान की दुहाई दे रही है, लेकिन देश आपातकाल के दौर को नहीं भूला है. उस समय तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचल दिया था. उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने हमेशा लोकतांत्रिक संस्थाओं से ऊपर परिवार को रखने की राजनीति की है.

इसे भी पढ़ें: मुआवजा नहीं देने पर BSRTC की बस रांची में जब्त, करीब 1.15 करोड़ रुपये का करना है भुगतान