Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बालाघाट में डेढ़ माह के बच्चे की मौत, दूसरा गंभीर:मौत की वजह स्पष्ट नहीं, दूसरा बच्चा गंभीर हालत में गोंदिया अस्पताल में भर्ती

INT News27 November 2026 at 08:40 pm

बालाघाट जिले के आदिवासी अंचल के बोंदारी गांव में शुक्रवार को डेढ़ माह के बच्चे की मौत हो गई। गांव का एक अन्य बच्चा आशु धुर्वे गंभीर हालत में है। उसका गोंदिया के अस्पताल में इलाज चल रहा है। सरपंच परसराम ने बच्चे की मौत की पुष्टि की है। मृत बच्चे के पिता सहेरसिंह परते हैं। परिजनों ने कुछ समय पहले बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के बाद उसे गांव भेज दिया गया था। उसकी मौत किस बीमारी से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। गांव में कुछ लोग निमोनिया तो कुछ मलेरिया को वजह बता रहे हैं। सरपंच के मुताबिक, बच्चे के शरीर पर दाने थे। इससे पहले भी गांव में बच्चों के शरीर पर दाने निकलने के बाद मौतें हुई थीं। तब उनकी वजह मिजल्स बताई गई थी। बच्चे की मौत का कारण जानने के लिए सीएमएचओ डॉ. शत्रुघन दाहिया और मलेरिया अधिकारी ब्रजेश पटले से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों के फोन आउट ऑफ कवरेज मिले। जून से अगस्त के बीच भी हुई थीं बच्चों की मौतें बालाघाट के आदिवासी इलाकों में जून से अगस्त के बीच मिजल्स, चर्मरोग और दूसरी बीमारियों से बच्चों की मौतें हुई थीं। मामला बालाघाट से दिल्ली तक पहुंचा था। इसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने घर-घर स्क्रीनिंग करने का दावा किया था। अडोरी, कोरका और मछुरदरा समेत गांवों में बच्चों की मौत का प्रशासनिक आंकड़ा 32 है। वहीं, कांग्रेस 60 से ज्यादा बच्चों की मौत का दावा कर रही है। क्षेत्रीय विधायक संजय उईके ने भी 60 से अधिक बच्चों की मौत की बात कही है। उनका कहना है कि यदि उनका दावा गलत है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।