entertainment
मुस्लिम परिवार में जन्मीं ये एक्ट्रेस हर साल लेती हैं छठी मैया का आशीर्वाद, ट्रोलिंग पर दिया था करारा जवाब

छठ पूजा का त्योहार आते ही चारों तरफ छठी मैया के गीत सुनाई देने लगते हैं. घरों में तैयारियां शुरू हो जाती हैं और घाटों पर भी रौनक बढ़ने लगती है. आम लोगों के साथ-साथ फिल्मी सितारे भी इस महापर्व को पूरी श्रद्धा के साथ मनाते हैं. भोजपुरी सिनेमा की एक ऐसी ही एक्ट्रेस हैं, जो हर साल छठ पूजा करती हैं. खास बात यह है कि उनका जन्म मुस्लिम परिवार में हुआ है. धर्म और नाम को लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर कई बार ट्रोल भी किया गया, लेकिन उन्होंने कभी अपनी आस्था को लेकर चुप्पी नहीं साधी. उन्होंने साफ कहा था कि वह हर धर्म का सम्मान करती हैं. हम बात कर रहे हैं भोजपुरी एक्ट्रेस रानी चटर्जी की, जिनका असली नाम सबीहा शेख है.
हर साल छठी मैया का आशीर्वाद लेती हैं रानी चटर्जी
रानी चटर्जी भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं. फिल्मों में उनकी पहचान भले ही रानी चटर्जी के नाम से हो, लेकिन उनका असली नाम सबीहा शेख है. मुस्लिम परिवार में जन्म लेने के बावजूद वह हर साल छठ पूजा करती हैं. उनके लिए धर्म से बढ़कर आस्था और इंसानियत है.
एच न्यूज भोजपुरी को दिए एक इंटरव्यू में रानी ने अपने धर्म और पूजा-पाठ को लेकर खुलकर बात की थी. उन्होंने कहा था, 'मुझे लगता है कि लोगों ने मुझे नमाज पढ़ते हुए शायद ही देखा होगा, लेकिन पूजा-पाठ करते हुए ज्यादा देखा होगा. मैं हमेशा से हर धर्म का सम्मान करती आई हूं. हर साल छठी मैया का आशीर्वाद लेती हूं.'
धर्म को लेकर सोशल मीडिया पर होती हैं ट्रोल
रानी चटर्जी को कई बार सोशल मीडिया पर अपने नाम और धर्म की वजह से निशाना बनाया गया है. खासकर जब लोगों को पता चलता है कि उनका असली नाम सबीहा शेख है, तो कुछ यूजर्स उन पर सवाल उठाने लगते हैं.
एक इंटरव्यू में रानी ने बताया था कि नई जनरेशन के कुछ लोग उन्हें सोशल मीडिया पर कमेंट और मैसेज करके झूठा तक कहते हैं. उन पर हिंदू धर्म का नाम इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया जाता है.
इस पर रानी ने साफ जवाब दिया था. उनका कहना था कि रानी नाम अपनाने के बाद भी उन्होंने कभी हिंदू धर्म का अपमान नहीं किया. वह हर धर्म की इज्जत करती हैं और अपनी जिंदगी में भी इसी सोच को अपनाती हैं.
कभी ईसाई महिला तो कभी मां काली के मंदिर में करती हैं तांडव
एक कलाकार के तौर पर रानी चटर्जी को अलग-अलग तरह के किरदार निभाने का मौका मिला है. कभी वह फिल्मों में ईसाई महिला का किरदार निभाती हैं, तो कभी मां काली के मंदिर में तांडव करती नजर आती हैं. इसके अलावा भगवान भोलेनाथ के लिए गाने गाने का अनुभव भी उनके लिए खास रहा है.
रानी का कहना था कि फिल्मों में काम करने के बाद दुनिया को देखने का उनका नजरिया बदल गया. उन्हें अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों को करीब से समझने का मौका मिला. उनके मुताबिक, हर धर्म को जानने का मतलब है हिंदुस्तान को पहचानना. वह अपने इस सफर को बेहद खूबसूरत मानती हैं.
ऐसे सबीहा शेख बन गईं रानी चटर्जी
रानी चटर्जी का नाम भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. आज जिस नाम से वह भोजपुरी इंडस्ट्री में मशहूर हैं, वह नाम उन्हें अपनी पहली फिल्म की शूटिंग के दौरान मिला था.
रानी ने बताया था कि जब उन्होंने अपनी पहली भोजपुरी फिल्म की शूटिंग शुरू की, तब वह दसवीं कक्षा में पढ़ती थीं. फिल्म में उनके साथ मनोज तिवारी मुख्य भूमिका में थे. एक सीन में उन्हें मंदिर में भगवान के चरणों में सिर रखकर अपने पति की जान बचाने की प्रार्थना करनी थी.
इस सीन की शूटिंग मंदिर में हो रही थी. मनोज तिवारी को देखने के लिए वहां काफी भीड़ जमा हो गई थी. मीडियाकर्मी भी शूटिंग कवर करने पहुंचे थे. इसी बीच फिल्म के डायरेक्टर को चिंता हुई कि अगर मंदिर के पुजारी को पता चल गया कि रानी मुस्लिम हैं, तो शूटिंग में परेशानी हो सकती है.
ऐसे में डायरेक्टर ने उनसे कहा कि अगर कोई नाम पूछे तो वह अपना नाम रानी बताएं. दरअसल, फिल्म में उनके किरदार का नाम भी रानी ही था. उस वक्त किसी को अंदाजा नहीं था कि यह नाम आगे चलकर उनकी पहचान बन जाएगा.
प्रोड्यूसर ने जोड़ दिया था चटर्जी सरनेम
रानी ने इंटरव्यू में बताया था कि जब मीडियाकर्मियों ने फिल्म के प्रोड्यूसर से उनका पूरा नाम पूछा, तो वह घबरा गए. पहले से तय था कि उनका असली नाम सामने नहीं आना चाहिए. ऐसे में प्रोड्यूसर ने तुरंत उनके नाम के साथ चटर्जी सरनेम जोड़ दिया.
इस तरह सबीहा शेख का नाम रानी चटर्जी पड़ गया. फिल्म रिलीज हुई और सफल रही. इसके बाद वह इसी नाम से भोजपुरी सिनेमा में पहचानी जाने लगीं. एक फिल्म की शूटिंग के दौरान शुरू हुआ यह नाम का किस्सा आगे चलकर उनकी पहचान बन गया.
ये भी पढ़ें: Bhojpuri Chhath Movie: यूट्यूब पर फ्री में देखें 'छठी मईया रखिहS सेनुरवा के लाज', ताजा हो जाएगी गांव-घर के छठ की याद
ये भी पढ़ें: Chhath Song: 'अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के', खेसारी लाल के नए छठ गीत ने बांधा समां, Video