Sunday, 1 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

35 लीटर हाथभट्टी शराब, 560 किलो लाहन जब्त:गुना में अवैध शराब के ठिकानों पर आबकारी विभाग की दबिश, 8 मामले दर्ज

INT News1 November 2026 at 01:31 pm

गुना जिले के वृत्त चांचौड़ा प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी एलआर करोसिया के नेतृत्व में रविवार को ग्राम कोटरा एवं पंची मंडी क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इसी प्रकार वृत्त गुना-1 प्रभारी राधाकिशन द्वारा ग्राम पिपरोदा चक, मोईन और सतनपुर, वृत्त राघौगढ़ प्रभारी मोहनीष शर्मा द्वारा ग्राम बिशनखेड़ा, ककरुआ और हमीरगढ़, वृत्त गुना-2 प्रभारी वर्धमान जैन द्वारा ग्राम अजितखेड़ा और बरखेड़ी में दबिश दी गई। इन कार्रवाइयों के दौरान कुल 35 लीटर हाथभट्टी मदिरा और 560 किलोग्राम गुड़ लाहन बरामद किया गया। गुड़ लाहन के परिवहन में असमर्थता के कारण उसका नमूना लेकर बाकी लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 52 हजार रुपए आंका गया है। ग्राम पिपरोदा चक में पुलिया के पास अवैध रूप से संचालित भट्टी भी पाई गई, जिसमें लाहन मौजूद था। आबकारी टीम द्वारा मौके पर ही लाहन को नष्ट किया गया। एक आरोपी मौके से फरार

इसके अलावा ग्राम पिपरोदा चक निवासी रिंकू पिता लालाराम जाटव के खेत से 8 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त की गई। मदिरा से तेज गंध आने के कारण उसका नमूना लेकर परीक्षण के लिए एफएसएल ग्वालियर भेजने की कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। दबिश और जांच के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 8 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। इसके साथ ही आबकारी विभाग के अधिकारियों द्वारा जिले की आबकारी दुकानों का निरीक्षण तथा होटल एवं ढाबों की जांच भी की गई।