entertainment
Ramayana: साई पल्लवी ने माता सीता के रूप में दिखाया नारी शक्ति का दम, हाथों में तलवार लेकर किया राक्षसों का विनाश

Ramayana: नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन’ (Ramayana: Part One) में साई पल्लवी (Sai Pallavi) ने माता सीता के किरदार को एक अलग अंदाज में पर्दे पर उतारा है. फिल्म में सीता को सिर्फ त्याग, प्रेम और धैर्य की प्रतिमूर्ति के रूप में ही नहीं, बल्कि साहस और युद्ध कौशल से भरपूर एक शक्तिशाली महिला के रूप में भी दिखाया गया है. खास बात यह है कि फिल्म में माता सीता को राक्षसों से मुकाबला करते और तलवार के साथ युद्ध करते हुए दिखाया गया है. उनका यह रूप दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
अब तक रामायण पर बनी कई फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में माता सीता के जीवन के अलग-अलग पहलुओं को दिखाया गया है, लेकिन इस फिल्म में उनके शौर्य और आत्मरक्षा के हुनर पर खास जोर दिया गया है. यह अंदाज आज की Gen Z पीढ़ी को भी माता सीता के व्यक्तित्व के एक नए पहलू से जोड़ सकता है. फिल्म का यह चित्रण बताता है कि नारी की पहचान केवल उसकी सहनशीलता से नहीं, बल्कि उसके साहस और आत्मविश्वास से भी होती है.
बचपन से ही युद्ध कौशल में निपुण थीं सीता
आपको बता दें कि फिल्म में माता सीता के बचपन से ही उनके युद्ध कौशल और शौर्य की झलक देखने को मिलती है. कम उम्र में ही वह शस्त्र चलाने और युद्ध कला में निपुण नजर आती हैं. एक दृश्य में माता सीता भगवान शिव के विशाल धनुष को बड़ी सहजता से उठा लेती हैं. यह दृश्य उनके अद्भुत सामर्थ्य, साहस और आत्मविश्वास को बखूबी दिखाता है.
ऐसे में आमतौर पर दर्शकों ने सीता के स्वयंवर में शिव धनुष उठाने और भगवान राम से विवाह का प्रसंग देखा है, लेकिन फिल्म में उनके बचपन से जुड़े युद्ध कौशल को भी जगह दी गई है. इस तरह कहानी में सीता के व्यक्तित्व के उस पहलू को दिखाने की कोशिश की गई है, जिस पर पर्दे पर अपेक्षाकृत कम ध्यान दिया गया है.
वनवास में भी नहीं दिखीं कमजोर
माता सीता का यह साहसी रूप केवल बचपन तक सीमित नहीं रहता. भगवान राम से विवाह के बाद वनवास के दौरान भी फिल्म में उनका आत्मविश्वास नजर आता है. राक्षसों के सामने वह डरकर पीछे हटती हुई नहीं, बल्कि उनका मुकाबला करती दिखाई देती हैं. हाथों में तलवार और दूसरे हथियार लेकर युद्ध करने वाले उनके दृश्य उनके साहस को दिखाते हैं.
इस रुप में माता सीता को एक ऐसी महिला के झलक में दिखाया गया है, जो मुश्किल हालात में खुद अपनी रक्षा करने का हौसला रखती हैं. वह केवल परिस्थितियों को सहने वाली नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर उनका सामना करने वाली नारी के रूप में सामने आती हैं.
नारी शक्ति का संदेश देती है सीता
फिल्म में माता सीता का यह रूप आज के दौर की महिलाओं और लड़कियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण संदेश लेकर आता है. आत्मविश्वास के साथ-साथ अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी कौशल सीखना भी बेहद अहम है. हर लड़की को अपनी आत्मरक्षा के तरीके सीखने चाहिए, ताकि किसी मुश्किल परिस्थिति में वह खुद को सुरक्षित रखने के लिए तैयार रहे.
माता सीता का यह फिल्मी चित्रण बताता है कि नारी शक्ति का अर्थ सिर्फ सहन करना नहीं, बल्कि अन्याय और मुश्किलों के सामने मजबूती से खड़े होना भी है. आत्मरक्षा का हुनर, साहस और सही समय पर फैसला लेने की क्षमता महिलाओं को और मजबूत बना सकती है. इस नजरिए से फिल्म में दिखाया गया सीता का युद्ध कौशल खास मायने रखता है.
साई पल्लवी के अभिनय ने खींचा ध्यान
फिल्म में साई पल्लवी ने माता सीता की भूमिका निभाई है, जबकि रणबीर कपूर भगवान राम और यश रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को नमित मल्होत्रा ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म की भव्यता के साथ-साथ किरदारों को पेश करने के नए अंदाज पर भी चर्चा हो रही है.
‘रामायण: पार्ट वन’ में माता सीता का यह युद्ध कौशल वाला रूप कहानी को एक अलग दृष्टि देता है. साई पल्लवी के जरिए पर्दे पर सामने आया यह रूप दर्शकों को याद दिलाता है कि सीता का व्यक्तित्व धैर्य और करुणा के साथ-साथ साहस और आत्मबल से भी जुड़ा हुआ है.
ये भी पढ़ें: Ramayana में दशरथ नहीं बनना चाहते थे अरुण गोविल, नितेश तिवारी की जिद के आगे आखिर क्यों माने रामानंद सागर के राम?