Saturday, 31 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

अनंत सिंह को मिला सरेंडर करने का आदेश तो बेटे ने खोला मोर्चा, कहा- सवाल उठाइए तो कानून का ज्ञान

INT News31 October 2026 at 01:35 pm

Anant Singh: मोकामा की राजनीति में इन दिनों कानूनी कार्रवाई और सियासी बयानबाजी दोनों चर्चा में हैं. दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं. इस घटनाक्रम के बीच उनके बेटे अभिषेक सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक चर्चा को और जोर दे दिया है. पोस्ट में लिखी एक लाइन ने सबका ध्यान खींचा है- 'सत्ता के साथ रहिए तो सम्मान, सवाल उठाइए तो कानून का ज्ञान.'

सुप्रीम कोर्ट से अनंत सिंह को झटका

सुप्रीम कोर्ट ने 30 अक्टूबर को दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह को 1 दिसंबर 2026 तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया. अदालत ने बिहार पुलिस को मामले की जांच चार महीने के अंदर पूरी करने को भी कहा. यह आदेश पटना हाईकोर्ट से मिली जमानत को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान आया. सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह की जमानत रद्द कर दी.

बेटे अभिषेक सिंह की पोस्ट में किस पर निशाना?

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अभिषेक सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की. इसके साथ उन्होंने न्याय के तराजू की तस्वीर भी लगाई. पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'मोकामा की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम. माननीय मोकामा विधायक अनंत सिंह जी को दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 1 दिसंबर 2026 तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है. साथ ही पुलिस को चार महीने के भीतर जांच पूरी करने का आदेश दिया गया है. सत्ता के साथ रहिए तो सम्मान, सवाल उठाइए तो कानून का ज्ञान'. इस पोस्ट को मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है. लेकिन अभिषेक सिंह ने किसी नेता का नाम लेकर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगाया है.

JDU से 6 साल के लिए अनंत सिंह निष्कासित

जेडीयू ने हाल ही में अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था. विधान परिषद चुनाव के दौरान पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ गतिविधियों को इस कार्रवाई की वजह बताया गया.

इसके बाद अनंत सिंह ने पार्टी नेतृत्व को लेकर अपनी नाराजगी भी जाहिर की थी. उन्होंने नीतीश कुमार के प्रति सम्मान जताते हुए कहा था कि अगर पार्टी की कमान नीतीश कुमार के हाथ में होती तो शायद उन्हें निष्कासित नहीं किया जाता.

Also Read: चिराग पासवान कब करेंगे शादी? बर्थडे के दिन मीडिया के सामने बताया सबकुछ