समाचार · मध्य प्रदेश
विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों का पाठ पढ़ाया, नशामुक्ति की दिलाई शपथ
तलेन| प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, तलेन द्वारा नगर की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए नैतिक शिक्षा एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों के महत्व से अवगत कराते हुए नशामुक्त भारत अभियान के तहत शपथ दिलाई गई। सेवाकेंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी लक्ष्मी दीदी ने कहा कि नैतिक मूल्य व्यक्ति के चरित्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, बड़ों का सम्मान और आध्यात्मिक जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। साथ ही सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों से बचने और आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक शिक्षा को भी आवश्यक बताया। कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारी ज्योति दीदी ने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।