Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

Elephant Attack: हजारीबाग में तीसरे दिन भी हाथियों का कहर, 2 भैंसों की मौत, फसलें बर्बाद

INT News24 November 2026 at 08:04 pm

बड़कागांव (हजारीबाग). बड़कागांव वन क्षेत्र के नापो खुर्द पंचायत में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा. सोमवार, 23 नवंबर की रात हाथियों के झुंड ने इसको (बीहड़िया) गांव में जमकर तबाही मचायी. मंगलवार, 24 नवंबर की शाम भी हाथियों का झुंड गांव की ओर पहुंचा और फसलों को नुकसान पहुंचाया. इस दौरान दो भैंसों को कुचलकर मार डाला गया. एक मुर्गी फार्म सहित कई लोगों की फसलें भी बर्बाद हो गयीं. ग्रामीणों के अनुसार, नुकसान लाखों रुपये का है.

ग्रामीणों ने बताया कि 23 नवंबर की रात हाथी इंदिरा जंगल से निकलकर नापो खुर्द पहुंचे और रातभर उत्पात मचाते रहे. सुबह होने पर वे वापस इंदिरा जंगल की ओर चले गये. इसके बाद मंगलवार शाम फिर हाथियों का झुंड गांव की ओर आ गया.

दो भैंसों की मौत, धान की फसल बर्बाद

हाथियों ने खेतों में लगी धान की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया. इस दौरान वीरेंद्र यादव और छोटू गोप की एक-एक भैंस को कुचलकर मार डाला. कुछ अन्य भैंसों के लापता होने की भी सूचना है. ग्रामीण उनकी तलाश कर रहे हैं. इससे प्रभावित पशुपालक मायूस हैं.

एक दिन पहले हाथियों ने सूरज कुमार साव के घर और गणेश साव के पुत्र रोशन कुमार के मुर्गीपालन फार्म को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था. फिलहाल हाथियों का एक झुंड मुरली पहाड़ के ऊपर इंदिरा जंगल (शिव डोंगरी) में विचरण कर रहा है, जबकि दूसरा झुंड तलसवार की ओर डेरा जमाये हुए है.

जंगल उजड़ने से गांवों की ओर आ रहे हाथी

ग्रामीणों का आरोप है कि एनटीपीसी की कोयला खदान के लिए चिरुडीह और बरवाडीह के जंगलों को उजाड़ा गया है. उनका मानना है कि जंगल का क्षेत्र प्रभावित होने के कारण हाथी गांवों की ओर आ रहे हैं और फसलों व संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं.

घटना के बाद नापो खुर्द पंचायत के मुखिया गणेश साव, पंचायत समिति सदस्य गणेश साव, चंदर साव और उपमुखिया प्रतिनिधि हीरालाल साव ने वन विभाग से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है. बड़कागांव के वन क्षेत्र पदाधिकारी रामबाबू कुमार ने कहा कि हाथियों से हुए नुकसान का सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिया जायेगा.

ये भी पढ़ें: अब हजारीबाग में भी मिलेगी आधुनिक मॉल की सुविधा, ‘द मॉल ऑफ हजारीबाग’ का भूमि पूजन