Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · बिहार

कार्तिक पूर्णिमा पर पटना-रांची में औंधे मुंह गिरे सोना-चांदी, एक दिन भी नहीं टिकी तेजी; ₹5000 तक टूटे भाव!

INT News24 November 2026 at 07:16 pm

Gold Silver Price Crash: सोने-चांदी की कीमतों में जो तेजी दिख रही थी, आज 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के दिन उसकी हवा निकल गई. अंतरराष्ट्रीय बाजार (COMEX) से लेकर भारतीय वायदा बाजार (MCX) तक, आज दोनों कीमती धातुओं में जोरदार गिरावट आई है. सबसे बुरा हाल चांदी का हुआ है, जिसने निवेशकों को बड़ा झटका दिया है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्या हुआ?

मंगलवार को विदेशी बाजार (COMEX) में सोना और चांदी दोनों लाल निशान में फिसल गए. चांदी 3.35% यानी 1.435 डॉलर टूटकर 41.740 डॉलर प्रति औंस पर आ गई, जबकि इसका पिछला स्तर 43.810 डॉलर था.

वहीं सोने की चमक भी फीकी पड़ी और यह 0.82% यानी 29.90 डॉलर गिरकर 3,621.50 डॉलर पर ट्रेड कर रहा है इसका पिछला स्तर 3,676.70 डॉलर था.

सिर्फ सोना-चांदी ही नहीं, बाकी कीमती धातुओं में भी भारी बिकवाली देखने को मिली है, जिससे पूरे सर्राफा बाजार में हलचल मच गई है.

MCX पर ट्रेडिंग खुलते ही सोना-चांदी के गिरे दाम

आज गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा की वजह से भारत में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) सुबह बंद था. लेकिन जैसे ही शाम 5 बजे बाजार खुला, कीमतें धड़ाम हो गईं. शुरुआती कारोबार में ही सोना 1,556 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 4,984 रुपए प्रति किलोग्राम तक सस्ती हो गई.

सोना 1,24,615 रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा. दिन में इसका हाई लेवल 1,25,549 रुपए रहा, जबकि पिछले दिन यह 1,25,996 रुपए पर बंद हुआ था.

चांदी में 3% तक की गिरावट दर्ज हुई. शाम 6 बजे तक यह 3,248 रुपए टूटकर प्रति किलो पर कारोबार करती दिखी. सेशन के दौरान इसका लो लेवल 1,49,233 रुपए और हाई लेवल 1,51,150 रुपए रहा जबकि पिछली क्लोजिंग 1,54,217 रुपए थी.

पटना, रांची और इंदौर के सर्राफा बाजार का हाल

पटना (Patna): आज पटना में 24 कैरेट सोना ₹1,29,546 से ₹1,29,830 प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना ₹1,14,650 से ₹1,18,664 प्रति 10 ग्राम के आसपास रहा. वहीं चांदी का भाव ₹1,547 से ₹1,750 प्रति 10 ग्राम के करीब दर्ज किया गया (इन दामों में मेकिंग चार्ज और GST शामिल नहीं है).

रांची (Ranchi): रांची में आज 24 कैरेट सोना ₹1,27,800 से ₹1,28,956 प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना ₹1,17,147 से ₹1,18,124 प्रति 10 ग्राम के आसपास चल रहा है. चांदी की कीमत ₹1,525 से ₹1,939 प्रति 10 ग्राम के बीच रही.

इंदौर (Indore): इंदौर के स्थानीय बाजार में थोड़ा अलग ट्रेंड दिखा. यहां सोना 100 रुपए प्रति 10 ग्राम बढ़कर ₹1,28,500 पर पहुंच गया, जबकि चांदी 900 रुपए प्रति किलो सस्ती होकर ₹1,55,500 पर बिकी. वहीं चांदी का सिक्का ₹2,200 प्रति नग रहा.

एक दिन पहले IBJA पर क्या थे रेट?

24 कैरेट सोना: 1,25,123 रुपए प्रति 10 ग्राम

22 कैरेट सोना: 1,14,613 रुपए प्रति 10 ग्राम

18 कैरेट सोना: 93,842 रुपए प्रति 10 ग्राम

चांदी: 1,52,941 रुपए प्रति किलोग्राम

आखिर अचानक इतनी गिरावट क्यों आई?

इस गिरावट की वजह समझाते हुए ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव एवं केडिया रिसर्च एंड लर्निंग हब के रिसर्च एनालिस्ट नितिन केडिया के मुताबिक तुर्की के केंद्रीय बैंक के गवर्नर फातिह कराहान ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर विदेशी मुद्रा जुटाने के लिए बैंक 'गोल्ड स्वैप' जैसे साधन इस्तेमाल कर सकता है.

अब बाजार इसी उलझन में है कि बैंक सोने के बदले कुछ समय के लिए डॉलर जुटाएगा या खुले बाजार में सोना बेचेगा. हालांकि 23 नवंबर के बयान में किसी नई बिक्री की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन बाजार इस खबर से सहम गया है.

सोने के लिए अहम स्तर

नितिन केडिया के मुताबिक, COMEX पर सोने के लिए $3,609 प्रति औंस पहला सहारा है. अगर भाव इसके नीचे टिकता है, तो यह $3,580 तक फिसल सकता है. वहीं ऊपर की तरफ $3,655 पहली रुकावट है, जिसे पार करने पर यह $3,682 तक जा सकता है.

चांदी को लेकर क्या कहते हैं जानकार?

चांदी की बड़ी गिरावट पर नितिन केडिया का कहना है कि तुर्की के बयान का इस पर अप्रत्यक्ष असर पड़ा है. असली ध्यान देने वाली बात यह है कि डॉलर इंडेक्स लगभग स्थिर रहने के बावजूद दोपहर तक चांदी 3.35% टूट गई, जबकि सोना 0.90% ही गिरा था.

चांदी के लिए अहम स्तर

COMEX पर चांदी के लिए $41.50 प्रति औंस पहला सपोर्ट है. इसके नीचे भाव टिकने पर गिरावट $39.70 तक बढ़ सकती है. वहीं वापसी करने पर खरीदारों की पहली परीक्षा $43.80 पर होगी और इसके पार टिकने पर $44.50 अगली रुकावट रहेगी.

ये भी पढ़ें:  Gold Silver Price Crash: PM मोदी की अपील के बाद कितना सस्ता हुआ सोना? 6 महीने में ₹27270 की गिरावट, चांदी भी लुढ़की