Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · पंजाब

इंग्लैंड से लौटते ही मां और दो कुत्तों को मारी गोली, खुद किया सुसाइड

INT News24 November 2026 at 08:11 pm

पंजाब के अमृतसर में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. इंग्लैंड से भारत लौटे 50 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी बुजुर्ग मां और दो पालतू कुत्तों की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में इस्तेमाल किया गया पिस्टल कथित तौर पर हरप्रीत की मां के नाम पर लाइसेंसी था. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हरप्रीत के पास यह हथियार कैसे पहुंचा और उसने इस खौफनाक वारदात को क्यों अंजाम दिया. पुलिस हथियार के लाइसेंस और उससे जुड़े सभी पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.

डिप्रेशन में होने की आशंका, पुलिस ने नहीं की पुष्टि

पुलिस को आसपास के लोगों से शुरुआती पूछताछ में जानकारी मिली है कि हरप्रीत संभवतः डिप्रेशन से जूझ रहा था. हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि अभी तक उसके मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी किसी बीमारी की पुष्टि नहीं हुई है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या उसका पहले से कोई इलाज चल रहा था या वह किसी दूसरी परेशानी से गुजर रहा था.

इंग्लैंड से लौटा था हरप्रीत, शादी के कुछ समय बाद हुआ था तलाक

पुलिस के मुताबिक, हरप्रीत कई वर्षों तक इंग्लैंड में रहा था और करीब 2021 में भारत लौट आया था. उसकी पहले शादी हुई थी, लेकिन कथित तौर पर शादी के एक से डेढ़ महीने के भीतर ही पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी. परिवार के एक सदस्य ने बताया कि हरप्रीत का तलाक हो चुका था. वह घर की ऊपरी मंजिल पर परिवार के अन्य सदस्यों से अलग रहता था.

गोली चलने की आवाज सुनकर बाहर आईं भाभी

घटना के समय हरप्रीत की भाभी अपनी दो बेटियों के साथ घर के निचले हिस्से में सो रही थीं. उन्होंने बताया कि गोली चलने की घटना के बारे में उन्हें तत्काल जानकारी नहीं मिली. कुछ आवाज सुनने के बाद जब वह बाहर निकलीं, तब उन्हें इस घटना का पता चला. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों परिवारों के बीच किसी तरह के विवाद की जानकारी नहीं थी.

हरप्रीत की भाभी ने बताया कि वह छोटी-छोटी बातों पर भी पिस्टल निकाल लेता था. वह अक्सर अपने पास हथियार रखता था और मोहल्ले में घूमते समय भी पिस्टल साथ लेकर चलता था. उन्होंने बताया कि हथियार उसकी मां के नाम पर लाइसेंसी था, लेकिन हरप्रीत उसे अपने पास रखता था. परिवार के पास घटना से जुड़ी CCTV फुटेज भी मौजूद है.

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव, कई पहलुओं पर जांच जारी

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, परिजनों के बयान, हरप्रीत की निजी जिंदगी और उसके मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है.

ये भी पढ़ें: Video: 'मैं विजय माल्या होता तो रेड कार्पेट बिछाते', एयरपोर्ट पर रोके जाने से नाराज सौरव दास का तंज