समाचार · हरियाणा
महेंद्रगढ़ में आवारा पशुओं अब तक 7 लोगों की मौत:समस्या के समाधान के लिए शहरवासी एकजुट, व्यापार मंडल प्रधान ने बुलाई बैठक, MLA भी पहुंचे
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में 7 व्यक्तियों की आवारा पशु से हुई मौत के बाद। इन पशुओं की समस्या पर शुक्रवार देर शाम कमला भवन धर्मशाला में सर्व समाज की बैठक हुई। व्यापार मंडल महेंद्रगढ़ ने बैठक बुलाई थी। इसमें शहर को आवारा पशुओं से मुक्त करने और समस्या का स्थायी समाधान करने पर चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता व्यापार मंडल के प्रधान सुरेंद्र बंटी ने की। स्थानीय विधायक कंवर सिंह यादव, नगरपालिका प्रधान रमेश सैनी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, समाजसेवी और गौशालाओं के प्रधान भी मौजूद रहे। इनको दी गई श्रद्धांजलि
बैठक की शुरुआत आवारा पशुओं के कारण जान गंवाने वाले गुलशन शर्मा, बालाराम तिवाड़ी, रमेश जिंदल उर्फ ठनिया, शंकर लाल पत्रकार, माधो राम सैनी, नवीन मुदगिल और सुनील सैनी सहित अन्य लोगों को श्रद्धांजलि देकर हुई। मौजूद लोगों ने दो मिनट का मौन रखा।
विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने सदस्य खोए हैं, उनकी भरपाई नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे और सरकार समस्या के समाधान के लिए काम कर रही है। विधायक बोले, बजट कम
उन्होंने बताया कि पशु पकड़ने के लिए तय बजट कम है। सरकार से राशि बढ़वाने की कोशिश की जाएगी। विधायक ने अगले दो महीने में समस्या का समाधान करने का भरोसा दिया।
विधायक ने गौशालाओं के प्रधानों से कहा कि गोवंश को गौशाला ले जाने के बाद सड़कों पर न छोड़ें। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान किया जाएगा।
नगरपालिका प्रधान रमेश सैनी ने बताया कि आवारा गोवंश, बंदरों और कुत्तों को पकड़ने के लिए नगरपालिका ने तीन बार टेंडर जारी किए। तय राशि कम होने के कारण एजेंसियों ने काम में रुचि नहीं दिखाई। सरकार ने एक गोवंश पकड़ने के लिए 600 रुपए तय किए हैं, जबकि एजेंसियां कम से कम 1,000 रुपए मांग रही हैं। नहीं हुई टेंडर प्रक्रिया सफल 1000 बंदर और 1000 आवारा पशु पकड़ने के लिए एक साल का टेंडर जारी किया गया था। पहली दो बार टेंडर प्रक्रिया सफल नहीं हो सकी,जबकि तीसरी बार एजेंसी ने निर्धारित दर से अधिक राशि मांगी। अब इस संबंध में संशोधित दरों का प्रस्ताव सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। लोगों ने जताई नाराजगी
बैठक में वक्ताओं ने नगरपालिका और प्रशासन की ओर से पिछले कई वर्षों में इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर नाराजगी जताई। लोगों ने कहा कि यदि निर्धारित दरों पर कोई एजेंसी पशु पकड़ने के लिए तैयार नहीं है तो सरकार को दरों में संशोधन करना चाहिए। बजट का मुद्दा उठा
इसके साथ ही गौशालाओं को सरकार और गोसेवा आयोग की ओर से दिए जाने वाले अनुदान तथा बजट का मुद्दा भी उठाया गया। वक्ताओं ने मांग की कि गौशालाओं में भेजे जाने वाले पशुओं की संख्या और उनका पूरा रिकॉर्ड रखा जाए तथा नियमित निगरानी की जाए,ताकि गोवंश दोबारा सड़कों पर न पहुंचे। सरकार गंभीरता से उठाए कदम
व्यापार मंडल के प्रधान सुरेंद्र बंटी ने कहा कि शहरवासी लंबे समय से आवारा पशुओं की समस्या से परेशान हैं। इस समस्या के कारण कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। प्रशासन और सरकार को अब गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले दो महीने में समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो व्यापार मंडल और शहरवासी आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।