समाचार · हरियाणा
करनाल टाउनशिप में आधी रात को घुसे बदमाश:गार्डो से की मारपीट रोकने पर की गाली-गलौज, बैरियर तोड़ा और मोटरसाइकिल पर चढ़ाई स्कॉर्पियो
करनाल के सेक्टर-36 स्थित एटर्ना लिविंग टाउनशिप में आधी रात को स्कॉर्पियो सवार पांच लोगों ने सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। आरोप है कि सुरक्षा जांच के लिए रोके जाने पर आरोपियों ने जबरन प्रवेश किया और बैरियर को टक्कर मारकर तोड़ दिया। इतना ही नहीं, एक सुरक्षा कर्मी की मोटरसाइकिल को भी गाड़ी से कुचलकर नुकसान पहुंचाया। वारदात रात करीब 2:30 बजे की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी। रोकने पर सुरक्षा कर्मियों से की मारपीट
कंपनी की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार, एटर्ना लिविंग प्राइवेट लिमिटेड सेक्टर-36 करनाल में 128 एकड़ में फैली एकीकृत टाउनशिप विकसित कर रही है। यहां सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी मैसर्स प्लाटून सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड को दी गई है। सुरक्षा एजेंसी से मिली जानकारी के रात करीब 2:30 बजे स्कॉर्पियो में पांच व्यक्ति सवार होकर टाउनशिप के मुख्य प्रवेश द्वार नंबर-1 पर पहुंचे। बैरियर और मोटरसाइकिल को भी पहुंचाया नुकसान
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पांचों व्यक्ति कथित रूप से शराब के नशे में थे। सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोककर परिसर में आने का कारण पूछा, लेकिन वे जबरन अंदर घुस गए। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा कर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने स्कॉर्पियो से प्रवेश द्वार के बैरियर को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद एक सुरक्षा कर्मी की मोटरसाइकिल पर भी गाड़ी चढ़ा दी, जिससे उसे नुकसान पहुंचा। घटना में सुरक्षा कर्मियों को चोटें आईं। आरोप है कि जाते समय उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। वीडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी
कंपनी के अधिकृत हस्ताक्षरी विशाल कौशल ने पुलिस अधीक्षक करनाल को शिकायत देकर बताया कि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध है। इसमें संबंधित व्यक्तियों को सुरक्षा कर्मियों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देते हुए देखा जा सकता है। कंपनी ने वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे हैं। शिकायत में सवाल उठाया गया कि पांच व्यक्ति रात के समय निजी परिसर में जबरन क्यों घुसे और सुरक्षा जांच का विरोध करते हुए हिंसा पर क्यों उतर आए। कंपनी ने टाउनशिप में रहने वाले परिवारों, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस कर रही मामले की जांच
सुरक्षा कर्मियों ने मामले की शिकायत पुलिस चौकी सेक्टर-4 को दी। पुलिस ने थाना शहर करनाल में मुकदमा दर्ज किया गया।मामले की जांच पीएसआई विकास को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।