समाचार · हरियाणा
गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड एक्सीडेंट का खौफनाक वीडियो:तेज रफ्तार SUV ने दो टैक्सियों को मारी थी टक्कर, पूरी घटना डैशकैम में कैद
गुरुग्राम के सबसे व्यस्त और वीआईपी इलाकों में शुमार गोल्फ कोर्स रोड पर रैपिड मेट्रो लाइन के नीचे रात करीब 1 बजकर 20 मिनट पर हुए हादसे का एक बेहद खौफनाक वीडियो सामने आया है। जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह पूरी घटना पीछे चल रही एक अन्य कार के डैशकैम में कैद हो गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक काले रंग की बेकाबू लग्जरी एसयूवी कार सड़क पर काल बनकर दौड़ रही थी और उसने चंद सेकंड के भीतर कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। अंधाधुंध ओवरटेकिंग की डैशकैम फुटेज में साफ दिख रहा है कि रात के समय गोल्फ कोर्स रोड पर ट्रैफिक सामान्य रूप से चल रहा था और गाड़ियां अपनी तय लेन में बढ़ रही थीं। इसी दौरान पीछे से एक काले रंग की बेहद तेज रफ्तार एसयूवी हवा की गति से आती हुई दिखाई देती है। आरोपी ड्राइवर सड़क पर अन्य वाहनों की परवाह किए बिना खतरनाक तरीके से लेन बदलते हुए अंधाधुंध ओवरटेक कर रहा था। रफ्तार का खौफनाक मंजर रफ्तार इतनी अधिक थी कि ड्राइवर कार पर से अपना नियंत्रण पूरी तरह खो बैठा। नियंत्रित होने के बजाय एसयूवी आगे चल रही कमर्शियल टैक्सियों पर जाकर चढ़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों के भी होश उड़ गए।
एक टैक्सी सड़क के बीचों-बीच पलट गई, जबकि दूसरी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बाल-बाल बचे कार सवार हादसे का शिकार हुई दोनों टैक्सियों की हालत देखकर टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। टक्कर के कारण दुर्घटनाग्रस्त कारों के सभी एयरबैग तुरंत खुल गए, जिससे गाड़ियों के भीतर सवार लोगों की जान तो बच गई, लेकिन एक टैक्सी ड्राइवर घायल हो गया। राहगीरों ने की मदद हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी और वहां से गुजर रहे राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। सड़क के बीचों-बीच पलटी हुई टैक्सी के अंदर उसका ड्राइवर बुरी तरह फंसा हुआ था। राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को क्षतिग्रस्त गाड़ी से बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। गनीमत यह रही कि देर रात हुए इस भयानक हादसे में किसी की जान नहीं गई। पुलिस के पास नहीं पहुंची शिकायत इस बारे में डीएलएफ फेस-2 थाने के एसएचओ कृष्णकांत ने बताया कि अभी तक किसी भी टैक्सी ड्राइवर या पीड़ित की तरफ से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। अगर कोई व्यक्ति घायल होता तो हॉस्पिटल से भी सूचना मिलती, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। मौके पर कोई क्षतिग्रस्त गाड़ी भी नहीं मिली है। गोल्फ कोर्स रोड के सीसीटीवी चैक करवाए जा रहे हैं। दुर्घटना की ये वीडियो पुरानी भी हो सकती है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अब घटना स्थल के आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों और वायरल हुए डैशकैम वीडियो की जांच करवा रही है। ताकि आरोपी ड्राइवर की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके