national
महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन की तैयारी? संसद की बैठक से पहले मोदी सरकार पर विपक्ष का हमला

ब्रिटास ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सरकार के कथित विलय, अधिग्रहण और राजनीतिक गठजोड़ का मकसद परिसीमन विधेयक को पास कराने के लिए बहुमत तैयार करना है.
'राजनीतिक जोड़-तोड़ से बनाया गया बहुमत लोकतांत्रिक जनादेश नहीं'
जॉन ब्रिटास ने कहा कि राजनीतिक हेरफेर से तैयार किया गया बहुमत जनता का जनादेश नहीं होता, बल्कि लोकतंत्र का मजाक है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इसी तरह देश के चुनावी भविष्य को बदला गया, तो 30 नवंबर को होने वाली संसद की विशेष बैठक भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे दुखद अध्याय बन सकती है.
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण को चुनावी व्यवस्था में राजनीतिक बदलाव करने का जरिया नहीं बनाया जाना चाहिए. महिला आरक्षण का इस्तेमाल किसी दूसरे राजनीतिक मकसद को छिपाने के लिए नहीं होना चाहिए.
मनीष तिवारी ने भी सरकार पर उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भी संसद की विशेष बैठक बुलाने के फैसले पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि विशेष बैठक नियमित शीतकालीन सत्र का विकल्प नहीं हो सकती.
तिवारी ने एक्स पर लिखा कि संसद का शीतकालीन सत्र बुलाने का समय है. विशेष सत्र का इस्तेमाल दो सत्रों के बीच किसी जरूरी काम के लिए किया जाता है. इसे नियमित सत्र की जगह नहीं लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार चाहे तो पहले खारिज हो चुके विधेयकों को फिर से सदन में ला सकती है.
30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक
दरअसल, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने गुरुवार को बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है.
इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी. दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर को खत्म होने की संभावना है. हालांकि, यह जरूरी सरकारी कामकाज पर निर्भर करेगा.
रीजीजू ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि दोनों सदनों में जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए बैठक बुलाने का अनुरोध किया गया है. अप्रैल में गिर गए थे तीन अहम विधेयक संसद की बैठक बुलाए जाने के बाद परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं.
इस साल 17 अप्रैल को लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 पेश किए गए थे. हालांकि, जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण ये तीनों विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो सके थे.
अब अप्रैल में एनसीपीआई गठबंधन और आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के बीजेपी के साथ आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि एनडीए इन विधेयकों को नए सिरे से मजबूत संख्या के साथ सदन में ला सकता है.
27 नवंबर को कांग्रेस की रणनीति बैठक
संसद की बैठक को लेकर कांग्रेस ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है. 27 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक होगी. इसमें संसद की आगामी बैठक के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा की जाएगी.
100 दिन से ज्यादा बाद फिर बैठेंगे दोनों सदन
संसद की बैठक दोबारा बुलाने का फैसला एक असामान्य प्रक्रियात्मक स्थिति के बीच आया है. संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त 2026 को खत्म हुआ था. उस दिन लोकसभा और राज्यसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था.
खास बात यह है कि इसके बाद दोनों सदनों का सत्रावसान (Prorogation) नहीं किया गया. ऐसे में नवंबर के आखिर तक संसद की बैठकों के बीच 100 दिन से ज्यादा का अंतर हो गया. बताया जा रहा है कि यह भारतीय संसदीय इतिहास में दो बैठकों के बीच बिना सत्रावसान का सबसे लंबा अंतर है. इससे पहले 2008 में 87 दिनों का रिकॉर्ड था.
चूंकि मानसून सत्र का औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ था, इसलिए सरकार को नए सिरे से संसद का सत्र बुलाने के लिए राष्ट्रपति की अधिसूचना और परंपरागत 14 दिन के नोटिस की जरूरत नहीं पड़ी.
ये भी पढ़ें: 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक, सरकार ने बुलाया संसद सत्र