समाचार · हरियाणा
प्रदेश की मंडियों में अटका 88000 क्विंटल पीआर धान:उठान न होने से किसानों का 2 हजार करोड़ का भुगतान भी रुका: कुलदीप राठी
इनेलो जिलाध्यक्ष कुलदीप राठी बोले- करीब 2 हजार करोड़ रुपये की पेमेंट लंबित, सरकार जल्द उठान कराए; सेक्टर-18 स्थित आवास पर पत्रकार वार्ता में भाजपा सरकार पर साधा निशाना पानीपत जिले की अनाज मंडियों में खरीदे गए पीआर धान का समय पर उठान नहीं होने से किसानों की पेमेंट अटक गई है। इनेलो के जिला अध्यक्ष कुलदीप राठी ने दावा किया कि पानीपत सहित प्रदेश की मंडियों में करीब 88 हजार क्विंटल धान का उठान नहीं हो पाया है। इसके चलते किसानों की करीब 2,000 करोड़ रुपये की पेमेंट अटकी हुई है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मंडियों में पड़े पीआर धान का जल्द उठान कराने की मांग की, ताकि किसानों को उनकी फसल का भुगतान मिल सके। राठी बुधवार को सेक्टर-18 स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कुलदीप राठी ने कहा कि इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश की मंडियों का दौरा कर धान खरीद के दौरान किसानों को आ रही परेशानियों की जानकारी ली थी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया। इसी कड़ी में इनेलो की पानीपत इकाई ने भी पानीपत, बाबरपुर, मतलौडा, इसराना, समालखा और बापौली की अनाज मंडियों का दौरा किया। यहां किसानों को पीआर धान की खरीद और उठान में आ रही दिक्कतों को प्रमुखता से उठाया गया। भाजपा सरकार पर बोला हमला इनेलो जिलाध्यक्ष ने भाजपा सरकार के करीब 12 साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में किसान, मजदूर, व्यापारी और कर्मचारी समेत हर वर्ग परेशान है। उनका आरोप है कि सरकार की नीतियों के कारण लोगों को अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। युवा वर्ग को रोजगार नहीं मिलने से निराशा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब इनेलो की ओर देख रही है और आने वाला समय पार्टी का होगा। खोदी गलियों और सड़कों से परेशान लोग कुलदीप राठी ने पानीपत ग्रामीण हलके की कॉलोनियों में विकास कार्यों की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई जगह गलियों और सड़कों को खोदकर छोड़ दिया जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। उनके अनुसार, भाजपा सरकार के विकास के दावे जमीनी स्तर पर नजर नहीं आ रहे हैं। अवैध कॉलोनियों और सफाई व्यवस्था पर भी उठाए सवाल पानीपत शहर में काटी जा रही कॉलोनियों के बारे में पूछे गए सवाल पर राठी ने आरोप लगाया कि सरकार की शह पर कॉलोनियां काटी जा रही हैं। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान होता है और बाद में इन कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने वाले लोगों के मकानों पर कार्रवाई का खतरा रहता है। उन्होंने नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सफाई के नाम पर हर महीने करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद शहर में सफाई व्यवस्था बदहाल है। राठी ने कहा कि इनेलो आम लोगों के मुद्दों और उनके अधिकारों की आवाज उठाती रहेगी। जरूरत पड़ने पर पार्टी इन समस्याओं को लेकर सड़कों पर उतरने से भी पीछे नहीं हटेगी। इस अवसर पर इनेलो कानूनी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष जतिन मनोचा, शहरी जिला अध्यक्ष कपिल बुद्धिराजा, पानीपत ग्रामीण अध्यक्ष शमशेर देशवाल, कृष्ण भोक्कर, रोहतास, सुभाष निंबरी और सत्यवान रोड सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।