समाचार · पंजाब
बरनाला में चिट्टे के साथ पकड़ा गया कोर्ट का गार्ड:स्थानीय युवकों ने रोककर ली तलाशी, साथी फरार, पुलिस रिमांड पर पूछताछ
बरनाला के कोर्ट कॉम्प्लेक्स में तैनात गार्ड गुरप्रीत सिंह को 1 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा गया है। पुलिस ने गुरप्रीत और उसके साथी अमनदीप सिंह के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। गुरप्रीत पुलिस रिमांड पर है, जबकि अमनदीप फरार है। थाना सिटी-2 के एसएचओ इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह ने बताया कि गुरप्रीत कोर्ट कॉम्प्लेक्स में गार्ड की ड्यूटी करता था। पुलिस अमनदीप को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। स्थानीय युवकों ने रोककर ली तलाशी पुलिस के मुताबिक, मामला कपिल पैलेस रोड का है। वहां स्थानीय युवकों ने गुरप्रीत को संदिग्ध हालत में रोककर तलाशी ली थी। युवकों ने मौके पर नशीला पदार्थ मिलने का दावा किया था। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। एसएचओ ने बताया कि रिमांड के दौरान गुरप्रीत से पूछताछ की जा रही है कि वह चिट्टा किससे लाया था और किसे देने वाला था। पुलिस उन युवकों की भी जांच कर रही है, जिन्होंने उसे रोका था। मामले की जांच कर रही पुलिस पुलिस सर्विलांस और कॉल रिकॉर्ड के जरिए पता लगा रही है कि युवकों को गुरप्रीत के पास नशा होने की जानकारी कैसे मिली। पुलिस ने कहा कि अगर जांच में आपसी रंजिश या नशे के लेन-देन की बात सामने आई, तो युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।