Saturday, 31 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बीजेपी हर जिले की झुग्गी बस्तियों में मनाएगी राज्योत्सव:मां भारती और छत्तीसगढ़ महतारी का होगा पूजन, अटल जी को देंगे श्रद्धांजलि

INT News31 October 2026 at 08:56 pm

छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ प्रदेश के सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस दौरान मां भारती, छत्तीसगढ़ महतारी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीरों पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके साथ ही मिठाई बांटकर लोगों का मुंह मीठा कराया जाएगा। प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक संजू नारायण सिंह ने इस आयोजन को लेकर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश जारी किए हैं। संजू नारायण सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ 1 नवंबर 2000 को अलग राज्य बना था। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य गठन का फैसला लिया था। आज छत्तीसगढ़ 26 साल का हो गया है और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव को प्रदेश की सभी झुग्गी बस्तियों में उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए हर जिले में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। संभाग स्तर पर प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं, जिन्हें अपने-अपने जिलों में आयोजन की तैयारी कराने को कहा गया है। प्रकोष्ठ के प्रदेश मीडिया प्रभारी अनिल बाग ने सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने जिले की झुग्गी बस्तियों में जाकर तैयारियां पूरी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर की शाम पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित कर राज्योत्सव मनाया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के शामिल होने की अपील की गई है।