समाचार · हरियाणा
पंचकूला हिट एंड रन केस में फतेहाबाद की युवती बरी:कोर्ट में गवाह बोले-नहीं देखा ड्राइवर, कोर्ट की टिप्पणी-केवल कार नंबर से दोष साबित नहीं
पंचकूला में हुए हिट एंड रन केस में फतेहाबाद की युवती को कोर्ट ने बरी किया है। कोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि अभियोजन पक्ष यह साबित करने में पूरी तरह विफल रहा है कि हादसे के वक्त दुर्घटनाग्रस्त कार को अर्पिता ही चला रही थी। मामला 21 फरवरी 2025 का है। चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर क्लीनर के रूप में कार्यरत रमेश्वर और नंद लाल जीरकपुर की ओर जाने वाली सड़क पर पुल के पास पैरापीट पर पेंटिंग कर रहे थे। सुबह करीब 10 बजे पुराने पंचकूला की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने नंद लाल को जोरदार टक्कर मार दी। सिर और बाजुओं में गंभीर चोटें आने के कारण नंद लाल को सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अब जानिए, कैसे पलटी कोर्ट में कहानी… अदालत की टिप्पणी: सिर्फ कार नंबर से दोष साबित नहीं होता
सुनवाई के दौरान दोनों मुख्य गवाह अदालत में मौजूद अर्पिता की पहचान कार चालक के रूप में नहीं कर सके। वहीं, पुलिस भी इस बात के पुख्ता सबूत पेश नहीं कर पाई कि हादसे के समय स्टीयरिंग अर्पिता के हाथ में ही था। अदालत ने माना कि केवल गाड़ी के नंबर और पुलिस की शुरुआती जांच के आधार पर किसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। लिहाजा, संदेह का लाभ देते हुए अर्पिता को सभी आरोपों से बरी कर दिया गया।