समाचार · मध्य प्रदेश
पिकअप की टक्कर से बाइकसवार पति-पत्नी और बच्चे की मौत:5 महीने के बेटे का बर्थडे था, देवदर्शन करने निकले थे; अचानक कुत्ता सामने आ गया
पांच महीने के बेटे का जन्मदिन मनाने निकले परिवार की खुशियां रास्ते में मातम में बदल गईं। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे सारंगपुर-अकोदिया मार्ग पर गोदना गांव के पास पीछे से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनके पांच महीने के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने पिकअप को पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, अजीत पिता रामसिंह पंवार पत्नी पूजा के साथ आष्टा की इंद्र कॉलोनी में रहते थे। शनिवार को बेटे शिवांशु का जन्मदिन था। परिवार इसी खुशी के मौके पर देवदर्शन के लिए घर से निकला था। बाइक के सामने आया कुत्ता, पीछे से पिकअप ने मारी टक्कर सलसलाई थाना प्रभारी के अनुसार, गोदना गांव के पास अचानक एक कुत्ता बाइक के सामने आ गया। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने पिकअप वाहन को पकड़ लिया। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और सलसलाई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हेलमेट पहना था या नहीं, पुष्टि नहीं हुई पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जरूरी कार्रवाई शुरू की। जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार के पास हेलमेट था, लेकिन हादसे के समय उन्होंने इसे पहना था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आष्टा की इंद्र कॉलोनी और इलाके में शोक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से आष्टा की इंद्र कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में शोक है। जिस दिन परिवार बेटे का जन्मदिन मनाने निकला था, उसी दिन तीनों की जिंदगी का सफर खत्म हो गया।