Saturday, 31 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

2 नवंबर को झारखंड आएंगे CJI, रांची-देवघर में कार्यक्रम, ये है शेड्यूल

INT News31 October 2026 at 06:50 pm

रांची/देवघर: भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत दो नवंबर 2026 को झारखंड आएंगे. रांची और देवघर में उनके दो कार्यक्रम हैं. वे पहले देवघर में बाबा बैजनाथ का दर्शन और पूजन करेंगे. इसके बाद झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) की ओर से देवघर व्यवहार न्यायालय परिसर में राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. यह शिविर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के विधिक सेवा शिविर मॉड्यूल के अनुसार आयोजित होगा. कार्यक्रम में सीजेआई सूर्यकांत के अलावा सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति चंद्रशेखर और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे.

झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद तथा हाईकोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंगन मुखोपाध्याय भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. शिविर के दौरान पीड़ितों को मुआवजे के चेक, प्रोजेक्ट शिशु के लाभुकों को सहायता और विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत हजारों लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों और लाभ का वितरण किया जाएगा. इसके अलावा, मुख्य न्यायाधीश डिजिटली से पलामू और रांची जिले में विधिक सहायता क्लीनिक का उद्घाटन करेंगे.

हाईकोर्ट में 35 करोड़ के डेटा सेंटर का उद्घाटन

इसी दिन रांची स्थित झारखंड हाईकोर्ट की डिजिटल न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रांची के धुर्वा स्थित हाईकोर्ट परिसर में अत्याधुनिक डेटा सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा. सीजेआई सूर्यकांत इसका उद्घाटन करेंगे. लगभग 35 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार यह डेटा सेंटर हाईकोर्ट के साथ राज्य की अधीनस्थ अदालतों के डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा. इससे न्यायिक रिकॉर्ड की सुरक्षा, डिजिटल सूचनाओं के प्रबंधन और न्यायिक कामकाज में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा. इस अवसर पर झारखंड हाईकोर्ट की नई आधिकारिक वेबसाइट और हाईकोर्ट तथा जिला अदालतों के लिए आईओएस मोबाइल एप भी लॉन्च किया जाएगा. इसके साथ ही ऑनलाइन सर्टिफाइड कॉपी मॉड्यूल की शुरुआत होगी. इससे प्रमाणित न्यायिक दस्तावेज प्राप्त करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन और अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी.

इसे भी पढ़ें: झारखंड HC को मिलेगा 35 करोड़ का अत्याधुनिक डेटा सेंटर, CJI करेंगे उद्घाटन

अधिवक्ताओं और ज्यूडिशियरी को मिलेगी नई सुविधा

डिजिटल पहल के तहत अधिवक्ताओं के लिए पर्सनलाइज्ड कॉज लिस्ट की सुविधा शुरू की जाएगी. इससे अधिवक्ता अपनी जरूरत के अनुसार मामलों की सूची देख सकेंगे. इसके अलावा राज्य के सभी न्यायिक अधिकारियों को ड्रैगन स्पीच-टू-टेक्स्ट और सुप्रीम टुडे एआई आधारित सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराया जाएगा. इन तकनीकों से न्यायिक कार्यों में डिजिटल सहायता और दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी.

देवघर में शाम 5.15 बजे से शुरू होगा मुख्य कार्यक्रम

शाम 5:15 बजे: मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का आगमन.

शाम 5:17 बजे: राष्ट्रगीत.

शाम 5:22 बजे: अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान.

शाम 5:27 बजे: दीप प्रज्वलन.

शाम 5:30 बजे: न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद का स्वागत एवं परिचयात्मक संबोधन.

शाम 5:35 बजे: संताली भाषा में नालसा गीत और विधिक सहायता क्लीनिक का वर्चुअल उद्घाटन.

शाम 5:35 बजे के बाद: पीड़ितों को मुआवजे के चेक, प्रोजेक्ट शिशु के लाभुकों और सरकारी योजनाओं के लाभ का वितरण.

इसे भी पढ़ें: रांची के शैक्षणिक संस्थानों में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, सरदार पटेल को किया नमन