Saturday, 31 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जिस घर में बच्चों की कोचिंग, वहीं अवैध पटाखा स्टॉक:रायसेन में एसडीओपी की छापामार करवाई; 2 लाख रुपए की आतिशबाजी जब्त

INT News31 October 2026 at 07:52 pm

रायसेन शहर की अवंतिका कॉलोनी में एक मकान में बिना लाइसेंस करीब 2 लाख रुपए की आतिशबाजी का भंडारण किया जा रहा था। इसी मकान में बच्चों को कोचिंग भी दी जा रही थी। ऐसे में पटाखों के स्टॉक के बीच पढ़ रहे बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ था। शनिवार देर शाम पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारकर आतिशबाजी जब्त की। मकान मालिक के खिलाफ आतिशबाजी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। 10 साल से कर रहा था भंडारण एसडीओपी आकांक्षा तलैया के नेतृत्व में टीम ने वार्ड 14 स्थित मकान पर कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि योगेश अग्रवाल अपने घर में बिना लाइसेंस आतिशबाजी का भंडारण कर रहा था। बताया गया कि वह करीब 10 साल से यह काम कर रहा था। टीम ने मौके से आतिशबाजी जब्त कर कोतवाली थाने पहुंचाई। अभिभावकों से कोचिंग सेंटर की सुरक्षा जांचने की अपील एसडीओपी आकांक्षा तलैया ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए अवैध आतिशबाजी के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। सूचना मिलने पर शनिवार को मकान में छापा मारा गया। जांच के दौरान वहां बच्चों की कोचिंग संचालित होने की जानकारी भी सामने आई। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को कोचिंग भेजने से पहले सेंटर और उसके आसपास की सुरक्षा जरूर जांचें। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल सहित पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।