समाचार · मध्य प्रदेश
उज्जैन में त्योहार से पहले खाद्य विभाग की जांच:बड़नगर में दूध, मिठाई और सूखे मेवों के नमूने लिए; भोपाल की लैब में होगी जांच
त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने शनिवार को उज्जैन के बड़नगर तहसील में विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान दूध, मिठाई, सूखे मेवे सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य अधिकारी बस्नेत शर्मा ने बताया कि नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है। त्योहारों को देखते हुए मावा, घी, मिठाई, तेल और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत विभाग की टीम निर्माण स्थलों और बिक्री प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है। साथ ही खाद्य पदार्थों का प्रारंभिक परीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि मिलावट की आशंका का पता लगाया जा सके। इन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बदनावर रोड स्थित गणेश दूध केंद्र से दूध के दो नमूने लिए। जैन मिठाई भंडार से प्रसादी पेड़ा और सीका मावा पेड़ा, महात्मा गांधी मार्ग स्थित अरिहंत स्वीट्स से केसर बर्फी और सफेद मावा बर्फी तथा शिवाजी मार्केट स्थित दीपक मिष्ठान से मावा बर्फी और प्रसादी पेड़ा के नमूने लिए गए। इसके अलावा खरसोदकलां निवासी दूध विक्रेता वीरेंद्र अग्रवाल से दूध का नमूना लिया गया। वहीं, बड़नगर के भगतसिंह पथ स्थित अग्रवाल एजेंसी से बादाम और किशमिश के नमूने भी संग्रहित किए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई विभाग ने सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे हैं। रिपोर्ट में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे खाद्य सामग्री केवल वैध लाइसेंस या पंजीयन वाले प्रतिष्ठानों से ही खरीदें। किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें।