समाचार · हरियाणा
अडानी गैस सेवा के नाम पर ₹1.14 लाख ठगे:पलवल में कंपनी प्रतिनिधि बनकर कॉल की, सिम स्वैप कर खाते से निकाली रकम
पलवल जिले में अडानी गैस सेवा के नाम पर कॉल कर होडल के एक व्यक्ति से 1 लाख 14 हजार 255 रुपए ठग लिए गए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, सैनिक कॉलोनी, होडल निवासी वासुदेव शर्मा ने शिकायत में बताया कि 27 सितंबर को सुबह 7:25 बजे उन्हें अडानी गैस सेवा से जुड़ी कॉल आई थी। इसके बाद डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और सिम स्वैप के जरिए उनके खाते से 1 लाख 14 हजार 255 रुपए निकाल लिए गए। मोबाइल नंबर को ट्रेस कर रही पुलिस मामले की जांच कर रहे साइबर क्राइम थाना के पीएसआई मोहित भाटी ने बताया कि जिस मोबाइल नंबर से कॉल आई थी, उसे ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस बैंक खाते की जांच कर रही है, ताकि पता चल सके कि रकम किस बैंक और किसके खाते में भेजी गई। पुलिस का कहना है कि खाते की जानकारी मिलने के बाद खाताधारक का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपियों के फोन कॉल और बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।