समाचार · मध्य प्रदेश
मकान में छिपा रखे थे 49 गैस सिलेंडर...पहुंच गई पुलिस:इंदौर में अवैध गैस रिफिलिंग का खुलासा; पुलिस ने बेटे-पिता को गिरफ्तार किया
इंदौर की विजय नगर पुलिस ने बड़ी भमोरी के राम नगर इलाके में एक मकान पर छापा मारकर अवैध गैस रिफिलिंग के कारोबार का खुलासा किया है। शनिवा की दोपहर करीब 2-3 बजे यहां पर घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों से दूसरे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरी जा रही थी। पुलिस ने मौके से कुल 49 गैस सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन और तौल कांटा जब्त किया है। मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस विजय नगर थाना पुलिस की टीम त्योहारों के मद्देनजर इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बड़ी भमोरी स्थित एक मकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडर जमा किए गए हैं। यहां भरे हुए सिलेंडरों से खाली सिलेंडरों में गैस भरने का काम किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर वहां मौजूद एक आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। मकान की तलाशी लेने पर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर और रिफिलिंग का सामान मिला। मकान से मिले 49 सिलेंडर, पिता-पुत्र गिरफ्तार पुलिस ने मौके से बड़ी भमोरी निवासी मुकेश सोलंकी (56) और उसके बेटे निलेश सोलंकी (33) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से कुल 49 घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा गैस रिफिलिंग मशीन और वजन करने वाला तौल कांटा भी जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 287 और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अजय सिंह कुशवाह, प्रधान आरक्षक आशीष सिंह कुशवाह और प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश यादव की भूमिका रही।