Saturday, 31 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

भोपाल के शाहजहांनी पार्क में कोटवारों का प्रदर्शन:बोले- ठेकेदारों से घटिया वर्दी मिल रही, खरीदी की जांच हो

INT News31 October 2026 at 07:46 pm

मध्यप्रदेश के 35 हजार से अधिक कोटवार राजस्व विभाग की ओर से ठेकेदारों के माध्यम से दी जाने वाली वर्दी की गुणवत्ता से नाराज हैं। उनका कहना है कि तीन साल पहले तक वर्दी के लिए राशि दी जाती थी, लेकिन अब ठेकेदारों के माध्यम से वर्दी उपलब्ध कराई जाती है, जिसकी गुणवत्ता बेहद खराब है। कोटवारों ने मांग की कि सरकार वर्दी खरीदी की प्रक्रिया सार्वजनिक करे और घटिया वर्दी की खरीदी की जांच कराए। इसके साथ ही सेवा भूमि का स्थायी पट्टा देने की मांग भी उठाई। आजाद कोटवार संघ के बैनर तले प्रदेशभर के कोटवारों ने शनिवार को भोपाल के शाहजहांनी पार्क में प्रदर्शन किया। इस दौरान ज्ञापन लेने कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। बाद में भारतीय मजदूर संघ (BMS) के पदाधिकारियों ने कोटवारों का ज्ञापन लिया। हजारों कोटवारों ने अपनी मांगों को लेकर शक्ति प्रदर्शन किया संघ के प्रदेश अध्यक्ष हरवीर सिंह यादव ने बताया कि भोपाल में हजारों कोटवारों ने अपनी मांगों को लेकर शक्ति प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्दी के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन कोटवारों को घटिया गुणवत्ता की वर्दी दी जा रही है। उन्होंने इस व्यवस्था को बंद करने की मांग की। यादव ने कहा कि कोटवारों को दी गई सेवा भूमि का मालिकाना हक देने के लिए स्थायी पट्टे जारी किए जाने चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कोटवारों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी कोटवार भोपाल पहुंच रहे हैं और मांगों का स्थायी समाधान होने तक आंदोलन जारी रखेंगे। नियमितीकरण, पदोन्नति और मानदेय बढ़ाने की मांग कोटवारों ने नियमितीकरण और पदोन्नति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मानदेय में 500 रुपए की बढ़ोतरी करने की मांग की। हरवीर यादव ने बताया कि 4 सितंबर 2026 को भी भोपाल में तिरंगा यात्रा निकालकर सरकार को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक मांगों का निराकरण नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि शनिवार को प्रदर्शन के दौरान ज्ञापन लेने कोई अधिकारी नहीं पहुंचा, इसलिए भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी राजेंद्र नायक को ज्ञापन सौंपा गया।