समाचार · पंजाब
तरनतारन- दो हजार रुपए के विवाद में फायरिंग, दो घायल:घर में तोड़फोड़, 10 तोले सोना, 50 हजार नकदी और दो वाहन ले जाने आरोप
तरनतारन जिले के पट्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव जोड़ा में मात्र 2 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि रंजिश के चलते हमलावरों ने उनके घर पर गोलियां चलाईं, जमकर तोड़फोड़ की और तेजधार हथियारों से हमला कर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित परिवार ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि हमलावर उनके घर से करीब 10 तोले सोना, 50 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी जबरन अपने साथ ले गए हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घर में घुसकर तोड़फोड़ करने का आरोप पीड़ित मलकीयत कौर और जसपाल सिंह ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों के साथ उनका 2,000 रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश में हमलावरों ने उनके घर पर धावा बोल दिया।हमले के दौरान परिवार के बुजुर्ग पिता और चाचा पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला किया गया। इससे वे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने तुरंत दोनों घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल कैरों में भर्ती कराया है। जांच के बाद लूट के आरोपों की होगी पुष्टि मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी पट्टी रवि शेर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर हर पहलू से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही फायरिंग और लूट के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी। डीएसपी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही पूरे मामले की सच्चाई सामने लाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।