समाचार · छत्तीसगढ़
10 घंटे में दो नाबालिग बच्चियां बरामद:उरला से हुईं थी लापता,सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसींवा में मिलीं
रायपुर के उरला थाना क्षेत्र से लापता हुई दो नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने 10 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। दोनों बच्चियां सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसींवा में मिलीं। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बरामद कर जरूरी कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों बालिकाओं के लापता होने की सूचना मिलने पर उरला थाने में अपराध क्रमांक 615/2026 और 616/2026 के तहत BNS की धारा 137(2) में केस दर्ज किया गया था। मामला नाबालिगों से जुड़ा होने की वजह से पुलिस ने तत्काल विशेष टीम बनाकर तलाश शुरू की। CCTV कैमरों और मुखबिरों से मिला सुराग पुलिस ने बच्चियों की तलाश के लिए तकनीकी सहायता ली। आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। इनसे मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसींवा तक पहुंची। यहां दोनों बच्चियां सुरक्षित मिल गईं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बनी थी टीम DCP नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देश पर टीम गठित की गई थी। कार्रवाई ADCP आदित्य पांडेय और ACP उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुधांशु बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार तलाश की और 10 घंटे के भीतर दोनों बालिकाओं को बरामद कर लिया। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।