Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

परिसीमन पर विपक्ष में फूट! मोदी सरकार को मिला शरद पवार की पार्टी का साथ, INDIA ब्लॉक की बैठक में नहीं जाएंगी सुप्रिया सुले

INT News27 November 2026 at 06:55 pm

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी खेमे में बड़ी राजनीतिक हलचल देखने को मिल रही है. शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) इस बिल पर मोदी सरकार का समर्थन करने जा रही है. शरद पवार से मुलाकात के बाद पार्टी नेता जितेंद्र आव्हाड ने इस फैसले का ऐलान किया है. एनसीपी (एसपी) के इस रुख से INDIA अलायंस की एकजुटता पर सवाल खड़े होने लगे हैं.

शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी (एसपी) के जितेंद्र आव्हाड ने ऐलान कर दिया है कि पार्टी संसद में परिसीमन बिल के पक्ष में मतदान करेगी. जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को पार्टी प्रमुख शरद पवार के साथ मुलाकात के बाद कहा कि परिसीमन एक संवैधानिक प्रक्रिया है. हम परिसीमन के पक्ष में हैं और इस बिल के समर्थन में वोट करेंगे. शरद पवार से मुलाकात को लेकर उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह परिसीमन पर पार्टी के स्टैंड को लेकर बात करने नहीं गए थे.

28 को इंडिया ब्लॉक की बैठक नहीं जाएंगी सुप्रिया सुले

सुप्रिया सुले ने कहा कि, "चूंकि बाबा अस्पताल में हैं, इसलिए मैं इस वीकेंड मुंबई में रहूंगी. मैं सेशन में शामिल होने के लिए सोमवार सुबह ही दिल्ली जाऊंगी," एनसीपी-एससीपी की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा है.' शरद पवार को शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) के कारण बृहस्पतिवार को दक्षिण मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. INDIA गठबंधन और विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होने के सवाल पर NCP-SCP नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा, "हम बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे हैं."

राहुल गांधी की विपक्ष को एकजुट करने की कोशिशों को झटका?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं. संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों पर सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस विपक्षी दलों के साथ साझा रणनीति बनाने में जुटी है. लेकिन शरद पवार की पार्टी के इस फैसले से विपक्ष की एकजुटता को झटका लग सकता है. अगर INDIA अलायंस के घटक दल अलग-अलग रुख अपनाते हैं तो संसद में सरकार के खिलाफ संयुक्त मोर्चा बनाना कांग्रेस के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है.

ये भी पढ़ें: दीपम विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का एक्शन, मंदिर ट्रस्टियों को हटाया; CRPF संभालेगी सुरक्षा