Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

महादेव सट्टा एप मामला:अनिल अग्रवाल-विशाल आहूजा को भारत लाने कोर्ट ने जारी किया आदेश

INT News27 November 2026 at 08:43 pm

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में विदेश में बैठे दो आरोपियों को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुक्रवार को रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट ने आरोपी अनिल अग्रवाल और विशाल आहूजा के खिलाफ प्रत्यर्पण आदेश जारी किया है। दोनों फिलहाल दुबई में हैं और कई बार समन भेजे जाने के बावजूद जांच में शामिल होने या कोर्ट में पेश होने के लिए भारत नहीं लौटे। ईडी के मुताबिक, अनिल अग्रवाल महादेव ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल का करीबी सहयोगी था। वहीं विशाल आहूजा ने अपने भाई धीरज आहूजा के साथ मिलकर सौरभ चंद्राकर की करीब 200 करोड़ रुपए की शादी में मेहमानों के आने-जाने, फ्लाइट टिकट और होटल बुकिंग का इंतजाम किया था। ED के वकील सौरभ पान्डेय ने बताया कि दोनों आरोपियों के भारत आने की संभावना नहीं दिखने पर पहले उनके खिलाफ कोर्ट से गैर-जमानती वारंट जारी कराया गया था। इसके बाद प्रत्यर्पण के लिए विस्तृत आवेदन पेश किया गया। इसमें करीब 300 से 400 पन्नों के दस्तावेज शामिल थे। कोर्ट ने आवेदन पर हस्ताक्षर कर प्रत्यर्पण की आगे की कार्रवाई के लिए ईडी को दस्तावेज सौंप दिए हैं। अब दोनों को विदेश से भारत लाने के लिए संबंधित प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। पैनल संचालकों को मैनेज करता था अनिल ED के वकील सौरभ पान्डेय ने बताया कि अनिल अग्रवाल महादेव ऐप के संचालन में अहम भूमिका निभाता था। उसका काम अलग-अलग पैनल चलाने वाले लोगों को मैनेज करना था। इसके अलावा उसने महादेव ऐप से जुड़ी कुछ संपत्तियों में भारत में निवेश भी किया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि वह सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के करीबी सहयोगियों में शामिल था। शादी के मेहमानों के लिए कराई थी फ्लाइट और होटल बुकिंग दूसरे आरोपी विशाल आहूजा ने अपने भाई धीरज आहूजा के साथ रैपिड ट्रैवल्स नाम से कंपनी संचालित की थी। ईडी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई करीब 200 करोड़ रुपए की भव्य शादी में सेलिब्रिटीज और अन्य मेहमानों के आने-जाने के लिए फ्लाइट टिकट, होटल बुकिंग और यात्रा से जुड़े इंतजाम इसी कंपनी के जरिए किए गए थे। इसके बदले कंपनी को भुगतान मिला था। ईडी इस रकम को अपराध से अर्जित आय (प्रोसीड्स ऑफ क्राइम) से जुड़ा मानकर जांच कर रही है।