समाचार · मध्य प्रदेश
मडला घाटी में ट्रक खराब होने से पांच किमी जाम:पन्ना-छतरपुर मार्ग पर एम्बुलेंस समेत सैकड़ों वाहन फंसे, संकरे रास्ते होती है परेशानी
पन्ना जिले में नेशनल हाईवे-39 के पन्ना-छतरपुर मार्ग पर रविवार, 1 नवंबर को मडला घाटी में करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। स्थानीय निवासी राज सिंह ने बताया कि जाम में सैकड़ों ट्रक, यात्री बसें और निजी वाहन फंसे रहे। एम्बुलेंस भी घंटों जाम में फंसी रही। बस चालक शनि खान के मुताबिक, सड़क के बीच एक ट्रक खराब होने से जाम लगा। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात चालू कराने में जुट गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि घाटी का रास्ता संकरा है और यहां अक्सर जाम लगता है। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। हालांकि इस मामले में मडला थाना प्रभारी बखत सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ट्रक का सेल्फ खराब होंने एवं वह स्टार्ट न होने के कारण एवं एक बुलेरो कार भी बीच सड़क पर खराब होने के कारण यह जाम की स्थिति बनी जिसे धीरे-धीरे सुचारू रूप से संचालित करवाया जा रहा है।