समाचार · उत्तर प्रदेश
कानपुर हाइवे पर ट्रांसजेंडरों ने शुरू किया हंगामा, पुलिस को देख बीच सड़क पर उतारे कपड़े, वाहनों पर फेंके पत्थर

Kanpur News : यूपी के कानपुर में सागर हाईवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कार सवार परिवार से कथित वसूली की सूचना पर पहुंची PRV पुलिस टीम के सामने कुछ ट्रांसजेंडर व्यक्तियों ने हंगामा शुरू कर दिया. आरोप है कि पुलिस के समझाने पर उन्होंने बीच सड़क कपड़े उतार दिए, जवानों से धक्का-मुक्की और हाथापाई की और वाहनों पर पत्थर भी फेंके.
कार सवार परिवार से वसूली की सूचना पर पहुंची थी PRV
मामला सजेती थाना क्षेत्र के सागर हाईवे का है. पुलिसकर्मी के मुताबिक, इवेंट संख्या 29317 के तहत कार सवार एक परिवार से कथित तौर पर जबरन रुपये वसूले जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद PRV टीम मौके पर पहुंची. आरोप है कि मौके पर कुछ ट्रांसजेंडर व्यक्तियों ने कार को रोककर परिवार से रुपये मांगे थे. विरोध करने पर कार चालक के साथ हाथापाई किए जाने की भी बात सामने आई है. PRV जवानों ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराने और संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया.
समझाने पर बिगड़ा मामला, सड़क पर उतारे कपड़े
पुलिस के मुताबिक, समझाने के दौरान कुछ लोग उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने लगे. आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने विरोध में बीच सड़क अपने कपड़े उतार दिए और हंगामा शुरू कर दिया. इससे सागर हाईवे पर अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सड़क पर हंगामे के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतार लग गई.
PRV जवानों से धक्का-मुक्की, वाहनों पर पत्थरबाजी
हंगामा बढ़ने पर आरोप है कि मौके पर मौजूद PRV जवानों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई. इतना ही नहीं, हंगामा कर रहे लोगों ने हाथों में पत्थर लेकर हाईवे से गुजर रहे वाहनों पर भी पत्थर फेंकने शुरू कर दिए. इससे वाहन चालकों में दहशत फैल गई. हालात बिगड़ते देख PRV टीम ने वायरलेस सेट के जरिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की. सूचना मिलते ही सजेती थाने से भी पुलिस फोर्स को मौके के लिए रवाना किया गया.
अतिरिक्त फोर्स पहुंचने से पहले आरोपी फरार
पुलिस के पहुंचने तक हंगामा करने वाले लोग मौके से फरार हो गए. इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस वायरल वीडियो और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस की ओर से इस मामले में करीब 15 स्थानों पर छापेमारी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है.
पुलिस कमिश्नर ने दिए मुकदमा दर्ज करने के आदेश
मामले का संज्ञान लेते हुए कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने DCP दक्षिण को जांच के निर्देश दिए हैं. साथ ही सजेती थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया गया है. पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर ACP घाटमपुर मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की. वायरल वीडियो की भी जांच कराई जा रही है.
PRV जवान की तहरीर पर कार्रवाई
इस मामले में ड्यूटी पर तैनात PRV जवान की ओर से थाने में तहरीर दिए जाने की जानकारी सामने आई है. जवान ने अपने साथ अभद्रता और हाथापाई किए जाने का आरोप लगाया है. सजेती थाना पुलिस तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है. पुलिस का कहना है कि हंगामा करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
Also Read : काशी में जाम का खेल खत्म, रोपवे से होगा बाबा विश्वनाथ के दर्शन, 16 मिनट में कैंट से पहुचेंगे गोदौलिया