Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

उर्दू निबंध प्रतियोगिता में 40 छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, 11 नवंबर को आएगा परिणाम

INT News8 November 2026 at 11:11 pm

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर में उर्दू भाषा एवं साहित्य को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों की लेखन प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से झारखंड अंजुमन तरक्की उर्दू की ओर से रविवार को उर्दू निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. उर्दू टाउन मध्य विद्यालय में सुबह 11 बजे आयोजित इस प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के कक्षा आठवीं से दसवीं तक के कुल 40 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में छात्राओं की भागीदारी छात्रों की तुलना में अधिक रही.

प्रतियोगिता के लिए 'शिक्षा का महत्व' और 'मोबाइल फोन के लाभ और हानि' विषय निर्धारित किए गए थे. प्रतिभागियों को दोनों में से किसी एक विषय पर अधिकतम 200 शब्दों में उर्दू भाषा में निबंध लिखना था. विद्यार्थियों ने अपने विचारों और लेखन कौशल के माध्यम से दोनों विषयों पर अपनी समझ प्रस्तुत की. आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में उर्दू भाषा के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है.

राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर घोषित होगा परिणाम

प्रतियोगिता का परिणाम 11 नवंबर को भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री एवं महान शिक्षाविद् मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती और राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर घोषित किया जाएगा. इस मौके पर चक्रधरपुर के मेन रोड स्थित क्लासिक मैरिज हॉल में समारोह आयोजित होगा. इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा. साथ ही प्रतियोगिता में शामिल सभी 40 प्रतिभागियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा.

शिक्षा के प्रचार-प्रसार में जुटी है संस्था

झारखंड अंजुमन तरक्की उर्दू, चक्रधरपुर शिक्षा के प्रचार-प्रसार, उर्दू भाषा के विकास और विद्यार्थियों के शैक्षणिक उत्थान के लिए लगातार प्रयासरत है. संस्था की ओर से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निशुल्क कोचिंग सेंटर भी संचालित किया जा रहा है. संस्था का उद्देश्य आर्थिक या अन्य कारणों से किसी भी विद्यार्थी को शिक्षा से वंचित होने से बचाना और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराना है.

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अनीस जमाल, शकील अहमद, जीशान अली, राशिद अख्तर, तारीक सुल्तान, सिराज, जबीना परवीन एवं नुसरत नाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा. आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया और भविष्य में भी इस तरह के शैक्षणिक एवं साहित्यिक आयोजन जारी रखने की बात कही.