समाचार · उत्तर प्रदेश
लखनऊ में आज से बदलेगा मौसम, बारिश के साथ तेज हवाएं बढ़ाएंगी ठंड, अरब सागर के चक्रवात का असर

Lucknow Weather : अरब सागर में बने चक्रवात के असर से बुधवार को राजधानी लखनऊ के मौसम में बदलाव देखने को मिला. सुबह बादलों की आवाजाही के बाद दोपहर में कई इलाकों में बूंदाबांदी शुरू हो गई. महानगर, हजरतगंज और गोमतीनगर समेत कई इलाकों में बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से बारिश की तीव्रता बढ़ने के आसार हैं. अगले तीन दिनों तक लखनऊ में मध्यम बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान तेज हवाएं चलने से मौसम ठंडा होने के संकेत हैं.
अधिकतम तापमान में छह से आठ डिग्री की गिरावट के आसार
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों में लखनऊ के अधिकतम तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है. 30 अक्तूबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बुधवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट के साथ यह 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
न्यूनतम तापमान में भी आएगा बदलाव
बुधवार को न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 20 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है. तेज हवाओं और बारिश के कारण लोगों को मौसम में ठंड का एहसास होने लगेगा. अरब सागर में बने चक्रवात का असर राजधानी के मौसम पर अगले कुछ दिनों तक दिखाई देने की संभावना है.
Also Read : गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी जीते, सपा के डॉ. संजयन त्रिपाठी तीसरे स्थान पर रहे