समाचार · हरियाणा
हिसार में खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन टूटी:खंभा लगाने के लिए खोदा गड्ढा, फायर ब्रिगेड ने पानी भरा, 4 घंटे में हुई ठीक
हिसार में जिंदल पुल के नीचे शनिवार को बिजली विभाग की ओर से की जा रही खुदाई के दौरान घरेलू गैस की पाइप लाइन टूट गई। इससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड, पुलिस और हरियाणा सिटी गैस कंपनी की टीम के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर बिजली ट्रांसफार्मर लगा रहे थे। इसके लिए खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही घरेलू गैस की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और PNG गैस का रिसाव शुरू हो गया। कर्मचारियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम एक गाड़ी लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने सुरक्षा के लिहाज से गड्ढे को पानी से भर दिया, ताकि गैस रिसाव के खतरे को नियंत्रित किया जा सके। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति पर नजर रखी। गैस कंपनी ने बंद किया रिसाव वहीं हरियाणा सिटी गैस कंपनी को भी घटना की सूचना दी गई। कंपनी के साइट इंचार्ज धीरेन्द्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पाइपलाइन के दोनों तरफ से गैस की सप्लाई ब्लॉक कर मरम्मत का काम शुरू किया। पाइपलाइन को ठीक करने में करीब चार घंटे का समय लगा। इसके बाद गैस रिसाव बंद हुआ और स्थिति सामान्य हुई। समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा होने से बच गया।