Friday, 30 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शराब के पैसों को लेकर कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या:फिर ब्लेड से खुद का गला रेतकर खुदखुशी की कोशिश; 4 बच्चों के सिर से उठा मां का साया

INT News30 October 2026 at 03:39 pm

भोपाल के कोलार स्थित अब्बास नगर में शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। महिला के सिर, हाथ और पैरों पर कई वार किए गए। इसके बाद पति ने शेविंग ब्लेड से अपने सिर पर वार किए और गला रेतकर खुदकुशी की कोशिश की। घटना 23 अक्टूबर की सुबह की है। गंभीर रूप से घायल 38 वर्षीय किरण कनाचिया ने शुक्रवार सुबह हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पति रमेश की हालत भी गंभीर बनी हुई है। घटना के समय घर में सो रही बेटी अनुष्का की नींद खुली तो उसने मां को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। किरण बेसुध थी, जबकि पिता रमेश भी पास में गंभीर रूप से घायल अवस्था में तड़प रहे थे। उनके गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। घर में खून फैला हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से खून से सनी कुल्हाड़ी और शेविंग ब्लेड बरामद किए गए। दो साल पहले एक्सीडेंट के बाद छोड़ दिया था काम किरण अपने पति और चार बच्चों के साथ अब्बास नगर में जैन मंदिर के पास रहती थी। परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। रमेश पहले ड्राइवरी करता था, लेकिन करीब दो साल पहले एक्सीडेंट होने के बाद उसने काम छोड़ दिया था। इसके बाद परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी किरण पर आ गई। वह बांगो में काम करके घर का खर्च चलाती थी। परिजनों के मुताबिक, रमेश को शराब पीने की लत थी। वह पत्नी से शराब के लिए पैसे मांगता था। किरण इसका विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। आर्थिक तंगी के बीच शराब के लिए पैसों की मांग और घरेलू कलह से घर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था। भाई ने भी शराब को लेकर विवाद की बात बताई किरण के भाई पवन ने पुलिस को बताया कि रमेश शराब के नशे में अक्सर उसकी बहन से विवाद करता था। शराब पीने के लिए रुपए मांगने और किरण के विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी होती रहती थी। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि घटना के दौरान रमेश ने पहले किरण पर कुल्हाड़ी से हमला किया और फिर खुद को भी घायल कर लिया। पुलिस मौके से मिले हथियारों और परिस्थितियों के आधार पर जांच कर रही है। फिलहाल कोलार पुलिस ने मर्ग कायम किया है। किरण की मौत के बाद अब पति रमेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। उसकी हालत गंभीर होने के कारण पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए उसके बयान और चिकित्सकीय स्थिति का इंतजार कर रही है।