समाचार · हरियाणा
बस पास को लेकर छात्रों और कंडक्टर में विवाद:हांसी में छात्रों ने मारपीट, बस चढ़ाने की कोशिश का आरोप लगाया
हांसी में रोहतक रूट पर शुक्रवार को बस पास मान्य करने को लेकर छात्रों और प्राइवेट बस के कंडक्टर में विवाद हो गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि गढ़ी बस स्टैंड पर कंडक्टर ने काली स्कॉर्पियो में कुछ युवकों को बुलाया। युवकों ने उनके साथ हाथापाई की और उन्हें बस से उतार दिया। छात्रों ने सोरखी पुलिस चौकी में शिकायत दी और हांसी के उपायुक्त डॉ. राहुल नरवाल को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। डीसी ने मारपीट के आरोपों की जांच के निर्देश पुलिस चौकी को दिए हैं। उन्होंने स्टूडेंट पास की मान्यता के मामले में दोनों एसडीएम को जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। हिसार जा रही थी निजी बस छात्र जवाहर ने बताया कि शुक्रवार को सोरखी गांव के बस स्टैंड से करीब 15 छात्र रोहतक से हिसार जा रही प्राइवेट बस में चढ़े थे। कंडक्टर टिकट लेने पहुंचा तो छात्रों ने टिकट लेने से इनकार कर बस पास दिखाया। छात्रों का आरोप है कि परिचालक ने पास मान्य नहीं किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। छात्रों के मुताबिक, बस को गढ़ी बस स्टैंड पर रोक लिया गया। आरोप है कि कंडक्टर ने फोन कर काली स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों को वहां बुलाया। युवकों ने छात्रों के साथ हाथापाई की और उन्हें बस से उतार दिया। छात्रों ने घटना का वीडियो भी बनाया। पुलिस को सूचना दी, बस के आगे खड़े हुए छात्र छात्रों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी और बस के सामने खड़े हो गए। उन्होंने कहा कि पुलिस की पीसीआर के पहुंचने तक बस को आगे नहीं जाने देंगे। छात्रों का आरोप है कि इसी दौरान ड्राइवर ने उन पर बस चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद बस ड्राइवर और स्कॉर्पियो सवार युवक वहां से चले गए। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि बस के पीछे रजिस्ट्रेशन नंबर की प्लेट नहीं लगी हुई थी। घटना के विरोध में छात्र एकजुट होकर सोरखी पुलिस चौकी पहुंचे और शिकायत दी। इसके बाद उन्होंने हांसी के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। डीसी ने दिए मारपीट के आरोपों की जांच के निर्देश इस मामले में उपायुक्त डॉ. राहुल नरवाल ने कहा कि हाथापाई और मारपीट के आरोपों की जांच के लिए सोरखी पुलिस चौकी को निर्देश दिए गए हैं। वहीं, प्राइवेट बसों में स्टूडेंट पास की मान्यता के संबंध में दोनों एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं कि यदि ये पास मान्य हैं तो बसों में इन्हें मान्य करवाना सुनिश्चित किया जाए।