समाचार · मध्य प्रदेश
धार में अवैध शराब की बिक्री रोकने के निर्देश:जहरीली शराब से मौतों के बाद आबकारी विभाग ने ठेकेदारों और अधिकारियों के साथ बैठक की
मध्य प्रदेश के कई जिलों में जहरीली शराब से मौतों के मामलों के बाद शासन ने अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद धार में आबकारी विभाग ने निगरानी और कार्रवाई तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में इंदौर संभाग के आबकारी उपायुक्त के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी दीपक कुमार अवस्थी की मौजूदगी में विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों और जिले के सभी लाइसेंसधारी शराब ठेकेदारों की संयुक्त बैठक हुई। अवैध शराब की बिक्री और परिवहन रोकने के निर्देश बैठक में जिलेभर में अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों और शराब ठेकेदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने को कहा गया। कहीं भी अवैध शराब से जुड़ी गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। शराब दुकानों के लाइसेंसधारी ठेकेदारों को भी अपने निर्धारित क्षेत्र में नियमों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई। हाईवे और प्रमुख मार्गों पर बनेंगे चेकिंग पॉइंट जिला आबकारी अधिकारी दीपक कुमार अवस्थी ने बताया कि इंदौर संभाग के आबकारी उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के प्रमुख हाईवे और मार्गों पर अवैध शराब की आवाजाही रोकने के लिए विशेष चेकिंग पॉइंट बनाए जाएंगे। विभिन्न विभागों के साथ संयुक्त रूप से वाहनों की जांच की जाएगी। संदिग्ध वाहनों की तलाशी लेकर अवैध शराब के परिवहन पर कार्रवाई की जाएगी। होटल-ढाबों पर भी रहेगी नजर आबकारी विभाग होटल, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से शराब बेचने और परोसने की गतिविधियों पर भी नजर रखेगा। ऐसी गतिविधियां सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अधिकारियों और शराब ठेकेदारों को दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और जिले में अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई।