समाचार · मध्य प्रदेश
शहडोल; बारिश में मेडिकल कॉलेज की सड़क पर ऑटो फंसा:मरीज को लेकर जा रहा वाहन कीचड़ में धंसा, निर्माणाधीन सड़क से परेशानी
दो दिन की बारिश के बाद शहडोल मेडिकल कॉलेज के सामने से बस स्टैंड होते हुए चुहरी मार्ग तक निर्माणाधीन सड़क पर कीचड़ भर गया है। शुक्रवार सुबह मरीज को लेकर जा रहा ऑटो इसमें फंस गया। आसपास के लोगों ने वाहन को बाहर निकाला। ऑटो चालक राजेश गंभीर मरीज को मेडिकल कॉलेज ले जा रहा था। रास्ते में ऑटो का पहिया कीचड़ में धंस गया और वाहन आगे नहीं बढ़ पाया। मरीज ऑटो में ही बैठा था। मेडिकल कॉलेज से एनएच-43 तक सड़क को उखाड़कर समतल करने के लिए मिट्टी डाली गई है। निर्माण कार्य अधूरा है। बारिश के दौरान पानी निकासी और अस्थायी रास्ते का इंतजाम नहीं होने से सड़क पर कीचड़ फैल गया। दो दिन से परेशान वाहन चालक
गुरुवार और शुक्रवार के बीच कई बाइक सवार फिसलकर गिर चुके हैं। कीचड़ और फिसलन से दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। इस रास्ते से मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र पैदल आते-जाते हैं। मरीजों और उनके परिजनों को भी अस्पताल पहुंचने में दिक्कत हो रही है।