समाचार · मध्य प्रदेश
6 महीने से फरार गांजा तस्करी का आरोपी गिरफ्तार:हार्डवेयर दुकान से पकड़ाया; पोल्ट्री फार्म से 2kg गांजा किया जब्त
मऊगंज जिले में नईगढ़ी पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में छह महीने से फरार आरोपी सतीश गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़ी स्थित उसकी हार्डवेयर दुकान से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, सतीश ने अप्रैल में गिरफ्तार युवक को बिक्री के लिए गांजा दिया था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। 11 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर नईगढ़ी पुलिस ने ग्राम डिहिया के एक पोल्ट्री फार्म पर दबिश दी थी। वहां वार्ड क्रमांक 13, नईगढ़ी निवासी कुलदीप जायसवाल उर्फ विष्णु (21) के पास नीले रंग के झोले में 2 किलो 340 ग्राम गांजा मिला था। इसकी अनुमानित कीमत 22 हजार 400 रुपए बताई गई थी। पूछताछ में कुलदीप ने बताया था कि ग्राम पहाड़ी, थाना शाहपुर निवासी सतीश गुप्ता (38) ने उसे बिक्री के लिए गांजा दिया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) के तहत केस दर्ज किया। कुलदीप को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। सतीश घटना के समय से फरार था। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर नईगढ़ी पुलिस ने ग्राम पहाड़ी स्थित हार्डवेयर दुकान पर दबिश दी और सतीश गुप्ता पिता राजबहोर गुप्ता को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल काकड़े ने कार्रवाई का नेतृत्व किया।