समाचार · पंजाब
मोगा में बैंक अधिकारी से बाइक सवारों ने छीना पर्स:स्कूटी से जा रही थी, ढाई तोले सोने के गहने और आईफोन ले गए
मोगा में बाइक सवार 2 अज्ञात युवक बलदेव नगर निवासी पूजा चौधरी का पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में सोने के गहने, नकदी और अन्य सामान था। थाना सिटी मोगा पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पूजा चौधरी पंजाब एंड सिंध बैंक में अधिकारी हैं। उन्होंने बताया कि देर शाम वह स्कूटी से घर जा रही थीं। घर से कुछ दूरी पहले बाइक सवार 2 युवक उनके पीछे आए और झपट्टा मारकर पर्स छीन लिया। पर्स में जेवर और आईफोन समेत कैश था पूजा के मुताबिक, पर्स में करीब ढाई तोले सोने के गहने, एक आईफोन, 3 हजार रुपए नकद, लॉकर की चाबी और घर की चाबियां थीं। उन्होंने लुटेरों का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। थाना सिटी मोगा पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस को आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है।