समाचार · पंजाब
तीर्थ यात्रा की बस ने बहन-भाई को मारी टक्कर:अमृतसर में युवक की मौत, लड़की घायल; बुलेट बाइक से जा रहे थे
अमृतसर में रामतीर्थ रोड पर ग्वाल मंडी के पास तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन घायल हो गई। दोनों भाई-बहन बुलेट बाइक पर जा रहे थे। इसी दौरान मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की बस ने उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल हुई उसकी बहन को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक की पहचान अरमानदीप सिंह निवासी गांव अजनाला, गेहरी मंडी के रूप में हुई है। ड्राइवर ने भागने का प्रयास किया, लोगों ने पकड़ा हादसे के बाद बस ड्राइवर ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन आसपास मौजूद युवकों ने बस के आगे खड़े होकर उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ की और ड्राइवर के साथ मारपीट की। बाद में ड्राइवर को पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ लोगों ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए। भाई की मौत, बहन घायल जानकारी के अनुसार, अरमानदीप सिंह अपनी बहन के साथ बुलेट बाइक पर रामतीर्थ रोड से गुजर रहा था। ग्वाल मंडी के पास पीछे से आई तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अरमानदीप सड़क पर गिर गया और गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसकी बहन भी इस हादसे में घायल हो गई। गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ की प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर मारने के बाद बस ड्राइवर ने वाहन रोकने के बजाय वहां से निकलने की कोशिश की। यह देखकर आसपास मौजूद युवकों ने बस को घेर लिया और ड्राइवर को भागने नहीं दिया। हादसे में युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने बस के शीशे और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद ड्राइवर के साथ मारपीट भी की गई। पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लिया सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और बस ड्राइवर की भूमिका की जांच की जा रही है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की।