national
IMD Weather Alert: दिल्ली-UP समेत 13 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट, राजस्थान में चलेगी शीतलहर, बढ़ेगी सर्दी

IMD Weather Alert: नवंबर के आखिरी सप्ताह में उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है. पूर्वी राजस्थान में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं, हिमाचल प्रदेश में 30 नवंबर तक कोहरे से राहत मिलने के आसार कम हैं. दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
दिल्ली-UP में 28 नवंबर तक घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के 26 नवंबर को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 और 28 नवंबर को दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वोत्तर भारत समेत 13 राज्यों के कई इलाकों में घना कोहरा छा सकता है.
राजस्थान में शीतलहर बढ़ाएगी परेशानी
पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 27 और 28 नवंबर को शीतलहर चलने की संभावना है. इसके चलते सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस हो सकती है. हालांकि, पश्चिम और मध्य भारत के अन्य हिस्सों में इस सप्ताह किसी महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं जताई गई है.
हिमाचल प्रदेश में 30 नवंबर तक कोहरे की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में नवंबर के अंत तक घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है. मौसम विभाग ने नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 28 नवंबर तक कोहरे की चेतावनी जारी की है. वहीं, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में 27 नवंबर को घना कोहरा छाने के आसार हैं.
आजमगढ़ में 50 मीटर तक रह गई थी दृश्यता
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार (26 नवंबर) की सुबह साढ़े आठ बजे तक के पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई थी. हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में 150 मीटर और त्रिपुरा के अगरतला में 100 मीटर दृश्यता दर्ज की गई. ओडिशा के कोरापुट में बहुत घने कोहरे के कारण दृश्यता महज 20 मीटर रह गई थी.
दक्षिण भारत में बारिश का दौर रहेगा जारी
उत्तर भारत में कोहरे और शीतलहर के बीच केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 27 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश समेत दक्षिण भारत के कई इलाकों में 28 नवंबर तक गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है.
Also Read: UP Weather: यूपी में कुदरत का डबल अटैक, 25 जिलों में अलर्ट, सुबह घर से निकलने से पहले जान लें मौसम का हाल