समाचार · मध्य प्रदेश
अशोकनगर में स्कूटी स्टार्ट करते ही लगी आग:कर्मचारी ने भागकर बचाई जान; पेट्रोल भरवाने के बाद हुई बंद, मैकेनिक के पास ले जाते समय हादसा
अशोकनगर शहर के अंडरपास में गुरुवार को स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी स्टार्ट करते ही उसमें आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी स्कूटी आग की लपटों से घिर गई। आग बढ़ती देख स्कूटी चला रहा कर्मचारी तुरंत वहां से भाग गया और अपनी जान बचाई। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के बाद अंडरपास में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पेट्रोल भरवाने के बाद बंद हो गई थी स्कूटी जानकारी के अनुसार, स्कूटी शहर के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. नीतेश जैन की बताई जा रही है। डॉ. जैन ने मौके पर बताया कि पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाने के बाद स्कूटी अचानक बंद हो गई थी। इसके बाद उन्होंने अपने कर्मचारियों को स्कूटी सुधरवाने के लिए मैकेनिक के पास भेजा था। कर्मचारियों के अनुसार, अंडरपास में स्कूटी को स्टार्ट करने का प्रयास किया गया। इसी दौरान अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। आग बढ़ती देख कर्मचारी स्कूटी छोड़कर वहां से भाग गया। लोगों ने मोबाइल से बनाए वीडियो स्कूटी में आग लगने के बाद अंडरपास में लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग जलती हुई स्कूटी का मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। सूचना मिलने पर चीता पुलिस और सिटी कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। शुरुआत में टैंकर बुलाकर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन पेट्रोल के कारण आग की लपटें लगातार बढ़ती जा रही थीं। इसके बाद अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हादसे में स्कूटी पूरी तरह जल गई। गनीमत रही कि आग लगने के दौरान कर्मचारी समय रहते वहां से निकल गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।