समाचार · मध्य प्रदेश
सागर में बंद पड़ी अगरबत्ती फैक्ट्री में लगी आग:2 घंटे तक धुआं उठता रहा, पास में पटाखे जले थे; दो दमकलों ने पाया काबू
INT News27 November 2026 at 08:33 pm
सागर के कोतवाली थाना क्षेत्र के विजय टाकीज रोड पर शुक्रवार रात बंद पड़ी अगरबत्ती फैक्ट्री में आग लग गई। धुआं उठते देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आग बुझाने की मशक्कत शुरू की। पुलिस और फायर फाइटर को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम की दो फायर गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आगजनी में बंद फैक्ट्री में रखे पुट्ठे व अन्य सामान जला है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। बताया जा रहा है फैक्ट्री के पास मैदान है। जिसमें कुछ बच्चे खेल रहे थे। वहीं पर कुछ लोगों ने पटाखे फोड़े थे। जिससे आशंका जताई जा रही है कि पटाखे से आग लगी होगी। हालांकि कोतवाली पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।