समाचार · मध्य प्रदेश
जयवंती कॉलेज NCC भर्ती में 114 कैडेट्स का प्रारंभिक चयन:1200 मीटर दौड़, लिखित परीक्षा हुई; अंतिम सूची प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने पर जारी होगी
बैतूल के शासकीय जयवंती हॉक्सर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एनसीसी भर्ती प्रक्रिया के तहत दो दिनों में कुल 114 नए कैडेट्स का प्रारंभिक चयन किया गया है। शनिवार को गर्ल्स विंग में 65 छात्राओं का चयन हुआ, जबकि इससे एक दिन पहले बॉयज विंग में 49 छात्रों को चुना गया था। अंतिम चयन सूची प्रशासनिक औपचारिकताओं के बाद जारी की जाएगी। गर्ल्स विंग की भर्ती में प्रथम वर्ष की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की 1200 मीटर दौड़ और निर्धारित मानकों के अनुसार ऊंचाई का परीक्षण किया गया। शारीरिक परीक्षा में सफल छात्राओं के लिए सामान्य ज्ञान, सामान्य गणित और सामान्य विज्ञान विषयों पर लिखित परीक्षा आयोजित की गई। दोनों चरणों में उनके प्रदर्शन के आधार पर 65 छात्राओं का चयन किया गया। यह पूरी चयन प्रक्रिया 5 एमपी गर्ल्स बटालियन, नर्मदापुरम के नायक आदिल बट्ट और हवलदार संजय कुमार के मार्गदर्शन में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। इस दौरान एनसीसी अधिकारी सीटीओ कृष्णा गौसर, सीनियर अंडर ऑफिसर किरण धुर्वे, अंडर ऑफिसर सपना उइके और एनसीसी बॉयज़ विंग के एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. खुशाल देवघरे सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं अन्य एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। प्राचार्य ने कैडेट्स को शुभकामनाएं दीं
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने बताया कि चयनित छात्राओं की अंतिम सूची आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताओं के बाद महाविद्यालय के सूचना पटल, एनसीसी विभाग के सूचना बोर्ड और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी की जाएगी। प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे और एनसीसी अधिकारियों ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने चयनित कैडेट्स को शुभकामनाएं दीं और सभी प्रतिभागियों के उत्साह तथा अनुशासन की सराहना की।